कांग्रेस ने बदली रणनीति, विक्रमादित्य ने भी संभाला जुब्बल कोटखाई में मोर्चा, सचिन पायलट आएंगे मंडी
Himachal By Elections हिमाचल में चार सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जुब्बल कोटखाई सीट पर बदले समीकरणों के बाद कांग्रेस ने अपनी रणनीति बदल दी है। विधायक विक्रमादित्य सिंह भी जुब्बल कोटखाई में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे।
शिमला, जागरण संवाददाता। Himachal By Elections, हिमाचल में चार सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जुब्बल कोटखाई सीट पर बदले समीकरणों के बाद कांग्रेस ने अपनी रणनीति बदल दी है। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस के महासचिव व शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह भी जुब्बल कोटखाई में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र रोहड़ू के साथ लगता है। विक्रमादित्य सिंह के पिता स्वर्गीय वीरभद्र सिंह यहां से चुनाव जीतकर मुख्यमंत्री बने थे।
ऐसे में पार्टी मानकर चल रही है कि उनके परिवार के किसी सदस्य की रैली उपचुनाव में मददगार हो सकती है। इसके अलावा मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू, आशा कुमारी सहित कई दिग्गज नेता जुब्बल कोटखाई में प्रचार के लिए आएंगे। निर्दलीय प्रत्याशी चेतन बरागटा की रैली में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नारे लगने के बाद कांग्रेस ने अपनी रणनीति बदली है। प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर का जुब्बल कोटखाई क्षेत्र का दो दिन का दौरा तय हो गया है।
22 और 23 अक्टूबर को वह जुब्बल कोटखाई के प्रवास पर रहेंगे। पहले माना जा रहा था कि कांग्रेस इस सीट पर आगे चल रही थी, लेकिन चेतन बरागटा के चुनावी मैदान में आने से परिस्थितियां काफी बदल गई हैं। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक चेतन न केवल भाजपा बल्कि कांग्रेस को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं। कांग्रेस काडर का वोट भले ही चेतन न तोड़ सकें, लेकिन सत्ता विरोधी लहर में वह सेंध लगा सकते हैं। ऐसे में पार्टी प्रचार में कोई कमी नहीं छोडऩा चाहती।
सेब, महंगाई और सड़कों की हालत मुख्य मुद्दा
जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र सेब बहुल है। कांग्रेस ने उपचुनाव में महंगाई, कार्टन के दाम में बढ़ोतरी, सेब का उचित दाम न मिलना और सड़कों की खराब हालत जैसे स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। अब तक कौल सिंह ठाकुर, रामलाल ठाकुर यहां पर प्रचार के लिए आ चुके हैं।
सचिन पायलट को मंडी में प्रचार के लिए लाने की तैयारी
कांग्रेस नेता सचिन पायलट को मंडी संसदीय क्षेत्र में प्रचार के लिए लाने की तैयारी चल रही है। पार्टी एक-दो दिन के भीतर स्टार प्रचारकों के कार्यक्रमों की सूची जारी कर देगी। प्रचार के लिए कई केंद्रीय नेताओं को हिमाचल बुलाया जाएगा। इसके लिए प्रत्याशियों से भी पूछा जा रहा है कि वह किसको प्रचार के लिए बुलाना चाहते हैं।