पालमपुर में गलत टिकट आवंटन से हारी भाजपा : सोनी

संवाद सहयोगी पालमपुर भारतीय जनता पार्टी से बगावत कर नगर निगम चुनाव में उतरे पूर्व

By JagranEdited By: Publish:Mon, 19 Apr 2021 03:55 AM (IST) Updated:Mon, 19 Apr 2021 03:55 AM (IST)
पालमपुर में गलत टिकट आवंटन से हारी भाजपा : सोनी
पालमपुर में गलत टिकट आवंटन से हारी भाजपा : सोनी

संवाद सहयोगी, पालमपुर : भारतीय जनता पार्टी से बगावत कर नगर निगम चुनाव में उतरे पूर्व भाजपा मंडलाध्यक्ष संजीव सोनी व जिला महासचिव विजय भट्ट ने कहा है कि चुनाव में भाजपा सरकार व पार्टी नहीं हारी है। हार स्थानीय नेताओं ने कांग्रेस से सांठगांठ कर करवाई है।

रविवार को पत्रकारों से बातचीत में भाजपा के पूर्व पदाधिकारियों ने कहा, भाजपा नेतृत्व की ओर से करवाए गए सर्वे में दोनों का नाम सबसे ऊपर था। आरोप लगाया कि कुछ नेताओं ने गलत टिकट आवंटन कर कांग्रेस की झोली में निगम की बागडोर सौंपी है। टिकट आवंटन में पार्टी के पदाधिकारियों को भी गुमराह किया गया था। भाजपा की हार के कारणों की जांच करवाने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप से निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। बकौल सोनी, टिकट आवंटन में कथित धांधली के संबंध में उन्होंने मंत्री राकेश पठानिया, बिक्रम ठाकुर, विस अध्यक्ष विपिन सिंह परमार व प्रदेश प्रभारी अभिनाश राय खन्ना से भी बात की है। उन्होंने कहा, इस मामले की जांच होनी चाहिए। तर्क दिया कि यदि सही उम्मीदवारों का चयन किया होता तो नगर निगम पालमपुर में भाजपा दो के बजाय सभी 15 सीटें जीत सकती थी। संजीव सोनी ने कहा कि भाजपा के जो दो पार्षद बने हैं, उन्होंने भी अपने दम पर जीत हासिल की है। आरोप लगाया कि इन दोनों को भी कुछ लोगों ने हराने का प्रयास किया था। भाजपा के पूर्व नेताओं ने कहा कि ऐसे लोगों पर शिकंजा नहीं कसा तो विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार का मिशन रिपीट पूरा नहीं हो पाएगा।

chat bot
आपका साथी