कांगड़ा किला फतह करने मुख्यमंत्री मैदान में, भाजपा कार्यसमिति बैठक भी धर्मशाला में तय

CM Jairam Thakur जिला परिषद के कांगड़ा किले पर भाजपा का परचम लहराने की रणनीति में मुख्यमंत्री की भागीदारी से भाजपा संतुष्ट हो गई है। मुख्यमंत्री के एकदिवसीय दौरे के कई कारणों में से एक यह भी था कि शनिवार को जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुने जाने हैं।

By Rajesh Kumar SharmaEdited By: Publish:Sat, 30 Jan 2021 10:37 AM (IST) Updated:Sat, 30 Jan 2021 10:37 AM (IST)
कांगड़ा किला फतह करने मुख्यमंत्री मैदान में, भाजपा कार्यसमिति बैठक भी धर्मशाला में तय
जिला परिषद कांगड़ा पर भाजपा का परचम लहराने की रणनीति में मुख्यमंत्री की भागीदारी से पार्टी संतुष्ट हो गई है।

धर्मशाला, जागरण संवाददाता। जिला परिषद के कांगड़ा किले पर भाजपा का परचम लहराने की रणनीति में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की भागीदारी से जिला भाजपा संतुष्ट हो गई है। मुख्यमंत्री के एकदिवसीय दौरे के कई कारणों में से एक यह भी था कि शनिवार को जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुने जाने हैं। धर्मशाला में मुख्यमंत्री ने एकदिवसीय दौरे के दौरान सर्किट हाउस और होटल में भाजपा समर्थित जिला परिषद सदस्यों से मुलाकात कर रणनीति बनाई। इस दौरान निर्दलीय जिला पार्षद सुदेश कुमारी व रविंद्र कुमार को भाजपा में शामिल करवाकर पार्टी को और मजबूती दी है। बेशक कांगड़ा में स्वर्ण जयंती के कार्यक्रम तय करने के लिए मुख्यमंत्री यहां आए हों, लेकिन मुख्य एजेंडा जिला परिषद में भाजपा को मजबूती प्रदान करना ही रहा।

इसी बीच मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांगड़ा जिला परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर भाजपा काबिज होगी। अभी दो जिलों मंडी व हमीरपुर के जिला परिषद पर भाजपा काबिज हो चुकी है। हमीरपुर व मंडी में कांग्रेस पार्टी आवेदन तक नहीं कर सकी। मंडी में 28 जिला परिषद सदस्य भाजपा के साथ आए और अपना अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुना। कांगड़ा में भी भाजपा के पास अच्छा बहुमत है। भाजपा उम्मीदवार ही जिला परिषद पर काबिज होंगे। बकौल जयराम, हिमाचल में स्वर्ण जयंती वर्ष मना रहे हैं। इसके लिए चाहते हैं कि कांगड़ा में भी स्वर्ण जयंती कार्यक्रम आयोजित हो, जिसमें सभी नवनियुक्त जनप्रतिनिधि इसका हिस्सा बनें।

उपद्रव करने वाले किसान नहीं : सीएम

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि किसान आंदोलन दुर्भाग्यपूर्ण है। इस तरह से उपद्रव करने वाले किसान नहीं हो सकते। किसान तो उगाता है। इस तरह से कानून व्यवस्था की धज्जियां नहीं उड़ाता।

भाजपा कार्यसमिति की बैठक 17 से

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल भाजपा कार्यसमिति की बैठक 17 से 19 फरवरी को धर्मशाला में होगी। 17 फरवरी को सुबह नौ बजे से पांच बजे तक पार्टी के प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण शिविर होगा। प्रशिक्षण शिविर के बाद शाम छह बजे बैठक होगी। 18 और 19 फरवरी को कार्यसमिति की बैठक होगी।

सवा दो घंटे चली बैठकें

मुख्यमंत्री ने सुबह 10 बजे पुलिस मैदान धर्मशाला में हेलीकॉप्टर से आना था, लेकिन मुख्यमंत्री देरी से पहुंचे। स्वागत के लिए जिला प्रशासन व वन मंत्री राकेश पठानिया सबसे पहले पहुंच गए थे। 12 बजे के करीब मुख्यमंत्री धर्मशाला पुलिस मैदान पहुंचे और यहां से सर्किट हाउस गए। वहां पर मुख्यमंत्री ने कांगड़ा के मंत्रियों, संगठन के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने जनसमस्याएं भी सुनीं। इसके बाद एक निजी होटल में जिला परिषद सदस्यों के साथ बैठक की। करीब सवा दो घंटे तक बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से शिमला रवाना गए। 

कांगड़ा में जिला परिषद की स्थिति कुल सदस्य : 54 भाजपा 28 कांग्रेस 18 निर्दलीय 8

chat bot
आपका साथी