प्रदूषण का सामना कर रहे दिल्‍लीवासियों से जयराम ठाकुर का हिमाचल घूमने आने का आग्रह

Jairam Thakur Delhi Visit मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदूषण का सामना कर रहे दिल्लीवासियों से हिमाचल घूमने आने का आग्रह किया है। हिमाचल का प्राकृतिक सौंदर्य दिल्लीवासियों को आनंदित करेगा और शांत वातावरण शुकून देगा। जयराम ठाकुर ने शनिवार को नई दिल्ली में स्वर्णिम हिमाचल कला महोत्सव का शुभारंभ किया।

By Rajesh Kumar SharmaEdited By: Publish:Sun, 05 Dec 2021 09:17 AM (IST) Updated:Sun, 05 Dec 2021 11:24 AM (IST)
प्रदूषण का सामना कर रहे दिल्‍लीवासियों से जयराम ठाकुर का हिमाचल घूमने आने का आग्रह
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदूषण का सामना कर रहे दिल्लीवासियों से हिमाचल घूमने आने का आग्रह किया है।

शिमला, राज्य ब्यूरो। Jairam Thakur Delhi Visit, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदूषण का सामना कर रहे दिल्लीवासियों से हिमाचल घूमने आने का आग्रह किया है। हिमाचल का प्राकृतिक सौंदर्य दिल्लीवासियों को आनंदित करेगा और शांत वातावरण शुकून देगा। जयराम ठाकुर ने शनिवार को नई दिल्ली में स्वर्णिम हिमाचल कला महोत्सव का शुभारंभ किया। यह महोत्सव चार से नौ दिसंबर तक भाषा, कला एवं संस्कृति हिमाचल प्रदेश तथा होटल ललित के संयुक्त तत्तावधान में आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व की स्वर्ण जयंती पर वर्षभर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों का एक हिस्सा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने पिछले 50 साल में विकास की शानदार यात्रा पूर्ण की और हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश की उपलब्धियों की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना की गई है।

जयराम ने कहा कि कोविड प्रबंधन के प्रयासों के लिए राज्य की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना की गई। कोविड टीकाकरण में भी प्रदेश ने बहुत ही उत्कृष्ट कार्य किया है। हिमाचल सभी पात्र लोगों को कोविड वैक्सीन की दोनों डोज देने वाला देश का पहला राज्य बना है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को युवा उद्यमी हरीश नड्डा और केशव सूरी ने हिमाचली टोपी और शाल भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर विशेष ओलंपिक संघ की अध्यक्ष डा. मल्लिका नड्डा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। यह आयोजन डा. मल्लिका नड्डा और ललित ग्रुप आफ हास्पीटेलिटी की अध्यक्ष डा. ज्योत्सना सूरी की एक पहल है। डा. मल्लिका नड्डा ने अतिथियों से हिमाचली कला को बढ़ावा देने के लिए कलाकारों प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। चंबा रुमाल को बढ़ावा देने के लिए डा. ज्योत्सना सूरी की सराहना की।

ललिता वकील और अनिता कुमारी को उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने तथा चंबा रुमाल, हिमाचली कला और शिल्प को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मानित किया। मास्टर शेफ नंद लाल को भी इस अवसर पर सम्मानित किया। इस दौरान कुल्लू जिला के कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

महोत्सव में चंबा रुमाल, हिमाचली हस्त शिल्प, काष्ठ शिल्प, धातु शिल्प, कांगड़ा चित्रकला, किन्नौरी और कुल्लू शाल आदि के स्टाल लगाए गए हैं और हिमाचल के लोक नृत्य और लोक संगीत के आकर्षक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। महोत्सव में आने वाले दर्शकों के लिए सेपू बड़ी, राजमा मदरा, चंबयाली पलदा सहित अनेक परंपरागत हिमाचली उपलब्ध होंगे। इस दौरान सांसद एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप समेत अन्य गण्यमान्य उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी