कांग्रेसी चाहें तो उन्हें भी हेलीकाप्टर में घुमा दूंगाः जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता अगर चाहें तो उन्हें भी हेलीकाप्टर में मुफ्त सैर करवा दूंगा। चार साल में लोगों के विकास कार्यों के लिए हेलीकाप्टर का प्रयोग किया है। छोटा भंगाल में सोलर पैनल डोडराक्वार में वैक्सीन पहुंचाने में हेलीकाप्टर का प्रयोग हुआ है।
धर्मपुर, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता अगर चाहें तो उन्हें भी हेलीकाप्टर में मुफ्त सैर करवा दूंगा। चार साल में उन्होंने लोगों के विकास कार्यों के लिए हेलीकाप्टर का प्रयोग किया है। छोटा भंगाल में सोलर पैनल, डोडराक्वार में वैक्सीन पहुंचाने व लाहुल में रेस्क्यू अभियान में हेलीकाप्टर का प्रयोग हुआ है। प्रदेश में पहली बार किसी मुख्यमंत्री के पास हेलीकाप्टर नहीं है। कांग्रेस नेता तो अपने शासनकाल में दिल्ली पेशी पर आने जाने के लिए हेलीकाप्टर का प्रयोग करते रहे, तब किसी कांग्रेसी को कोई पीड़ा नहीं होती थी। मंडी जिले के धर्मपुर हलके में सोमवार को 381 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के शिलान्यास व लोकार्पण करने के बाद जयराम ठाकुर जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कोरोना जैसी विकट स्थिति में भी सरकार ने विकास कार्य की गति नहीं थमने दी। सरकार ने गरीब आदमी की मदद करने का रास्ता ढूंढा है। 50 साल के शासनकाल में कांग्रेस ने गरीबों के स्वास्थ्य के प्रति कभी चिंता नहीं की। राजनीति का मकसद सिर्फ सत्ता हासिल करना नहीं सेवा भाव होना चाहिए। भाजपा देशभर में सेवा भाव से काम कर रही है। कांग्रेस के कुछ नेता इंटरनेट मीडिया में हर मामले के विशेषज्ञ बने हुए हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस नेता गलतफहमी पाले बैठे हैं। भाजपा एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी और भारी बहुमत से जीत हासिल कर प्रदेश की सत्ता की चाबी अपने पास रखेगी। जयराम ठाकुर ने धर्मपुर में लोक निर्माण विभाग का सर्कल, रोजगार उपकार्यालय व श्रम निरीक्षक कार्यालय खोलने की घोषणा की। धर्मपुर पहुंचने पर स्थानीय जनता ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, विधायक कर्नल इंद्र सिंह, जवाहर ठाकुर, प्रकाश राणा, भाजपा सह मीडिया प्रभारी रजत ठाकुर व भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री वंदना गुलेरिया भी उपस्थित थीं।