हिमाचल उपचुनाव: भाजपा का दावा, चारों उपचुनाव जीतेगी पार्टी, कांग्रेस के पास न तो नेता और न ही नीति

Himachal By Elections भाजपा महामंत्री त्रिलोक कपूर ने कहा सत्ता की भूख में कांग्रेस देश-प्रदेश की लोकतांत्रिक परंपराओं का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की चार सीटों पर होने वाले उपचुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस नेता घटिया मानसिकता को दिखाने में लगे हुए हैं।

By Rajesh Kumar SharmaEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 08:57 AM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 08:57 AM (IST)
हिमाचल उपचुनाव: भाजपा का दावा, चारों उपचुनाव जीतेगी पार्टी, कांग्रेस के पास न तो नेता और न ही नीति
भाजपा ने कहा सत्ता की भूख में कांग्रेस देश-प्रदेश की लोकतांत्रिक परंपराओं का अपमान कर रही है।

फतेहपुर, संवाद सहयोगी वूल फेडरेशन के चेयरमैन एवं भाजपा महामंत्री त्रिलोक कपूर ने कहा सत्ता की भूख में कांग्रेस देश-प्रदेश की लोकतांत्रिक परंपराओं का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की चार सीटों पर होने वाले उपचुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस नेता घटिया मानसिकता को दिखाने में लगे हुए हैं। कांग्रेस नेता उपचुनाव प्रचार में ऐसे हथकंडों का सहारा ले रहे हैं जिनकी जनता ने भी कभी कल्‍पना नहीं की थी। उन्होंने कहा भाजपा चारों सीटों मंडी, जुब्‍बल कोटखाई, फतेहपुर व अर्की पर उपचुनाव जीतेगी तथा कांग्रेस को करारा जबाब देगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा विकास पर वोट मांग रही है, जबकि कांग्रेस सत्ता की लालसा में वोट मांग रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का कोई नीति-सिद्धांत नहीं है। कांग्रेस लंबे समय तक सत्ता में रही मगर उसके एजेंडे में कभी भी विकास नहीं रहा। केवल लूट-खसोट और अपना खजाना भरना तक ही रहा। उन्होंने कहा आजादी के बाद से अब तक इन 70 सालों में कांग्रेस में कोई बदलाव नहीं हुआ, कांग्रेस जहां थी, वहीं खड़ी है और उसी का परिणाम पूरे देश ने भुगता भी है।

उस दौर में भी कांग्रेस को सत्ता की भूख थी, अब वो उनकी आदत बन चुकी है तो केवल पेट भरने और भूख मिटाने के लिए अब सत्ता जरूरी हो गई। त्रिलोक कपूर ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर हल्ला मचाने वाले कांग्रेस नेता यह नहीं जानते कि मेरे प्रदेश की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी उन पर भी है, परंतु कांग्रेस नेताओं को तो केवल लोगों को गुमराह करने के मौके की तलास रहती है। उन्होंने कहा प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में आज अपराधी अपराध करने से डरता है।

जयराम सरकार नेे हर वर्ग के लाभों को सुरक्षित किया है। विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं, जो कांग्रेस पार्टी के नेताओं की नजरों में खटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दूसरी बार कोरोना महामारी का संकट छाया जिसमें केंद्र की मोदी व प्रदेश की जयराम सरकार लोगों की जिंदगियों को सुरक्षित करने में लगी हुई है, जबकि इसके उलट प्रदेश की कांग्रेस पार्टी व विपक्ष के नेता इस तैयारी में लगे हुए हैं कि उपचुनावों के साथ-साथ आगामी विधान सभा चुनाव किस प्रकार से जीता जा सके।

chat bot
आपका साथी