बाली ने महंगाई के मुद्दे पर केंद्र व प्रदेश सरकार को घेरा

पूर्व परिवहन मंत्री जीएस बाली ने देश में महंगाई की आग लगने पर केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों पर निशाना साधा है। बाली ने कहा कि केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल की राजनीति में व्यस्त है और जनता महंगाई की चक्की में पिस रही है।

By Vijay BhushanEdited By: Publish:Fri, 11 Jun 2021 04:29 PM (IST) Updated:Fri, 11 Jun 2021 04:29 PM (IST)
बाली ने महंगाई के मुद्दे पर केंद्र व प्रदेश सरकार को घेरा
हिमाचल प्रदेश के पूर्व परिवहन मंत्री जीएस बाली। जागरण आर्काइव

कांगड़ा, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश के पूर्व परिवहन मंत्री जीएस बाली ने देश में महंगाई की आग लगने पर केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों पर निशाना साधा है। बाली ने कहा कि केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल की राजनीति में व्यस्त है और जनता महंगाई की चक्की में पिस रही है। महंगाई और सरकार के गलत फैसलों के कारण हिमाचल में रोजाना आत्महत्या के मामले बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने में 17वीं बार कीमत बढ़ाए जाने के कारण पेट्रोल और डीजल का मूल्य भारत में अपने रिकार्ड स्तर पर पहुंच गया है। देश के कई शहरों में पेट्रोल की कीमतें 100 रुपये प्रति लीटर से ऊपर जा चुकी हैं। सरसों का तेल 200 रुपये से ज्यादा मूल्य पर बिक रहा है। घर बनाने की सामग्री और अनाज के दाम 20 से 40 फीसद तक बढ़ गए हैं। हिमाचल में पैदा होने वाला सेब लोगों को 250 से 300 रुपये किलोग्राम में मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार के गलत फैसलों के कारण देश के करोड़ों युुवा बेरोजगार हो गए हैं, जो तंग आकर आत्महत्या जैसे कदम उठा रहे। वित्तीय वर्ष 2020-21 में देेश की जीडीपी में 7.3 फीसद की गिरावट हुई है। देश की अर्थव्यवस्था की सेहत वेंटिलेटर पर है। हिमाचल सरकार की वित्तीय हालत नाजुक स्थिति में है। हिमाचल में कर्मचारियों को दो साल से महंगाई भत्ता नहीं मिला है।

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौर में उद्योगों के दान के पैसे से जयराम सरकार ने काम चलाने की कोशिश की। मिडल क्लास का एक तिहाई तबका गरीबी के दलदल में धंस गया। मोदी और जयराम सरकार गरीबी और महंगाई से निपटने के बजाय चुनाव की सियासत में व्यस्त है। भाजपा सरकार को इस वक्त चुनावी राजनीति के बजाय बेरोजगार युवाओं और महंगाई से त्रस्त जनता के बारे में सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को आम लोगों के बारे में चिंता करनी चाहिए।

chat bot
आपका साथी