अटल टनल से पहले लेह मार्ग पर बने तीन पुल होंगे देश को समर्पित, रक्षा मंत्री मनाली में करेंगे लोकार्पण

Atal Tunnel Rohtang देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दो अक्टूबर को मनाली पहुंचेंगे। रक्षा मंत्री मनाली-लेह मार्ग पर बने तीन महत्‍वपूर्ण पुलों का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मनाली आगमन की तैयारियों की भी समीक्षा करेंगे।

By Rajesh SharmaEdited By: Publish:Tue, 29 Sep 2020 01:11 PM (IST) Updated:Tue, 29 Sep 2020 01:22 PM (IST)
अटल टनल से पहले लेह मार्ग पर बने तीन पुल होंगे देश को समर्पित, रक्षा मंत्री मनाली में करेंगे लोकार्पण
मनाली लेह मार्ग पर बनाए गए तीन महत्‍वपूर्ण पुल। जागरण

मनाली, जेएनएन। देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दो अक्टूबर को मनाली पहुंचेंगे। रक्षा मंत्री मनाली-लेह मार्ग पर बने तीन महत्‍वपूर्ण पुलों का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मनाली आगमन की तैयारियों की भी समीक्षा करेंगे। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली-लेह मार्ग को मजबूती देने के लिए बीआरओ ने तीन भव्य पुल तैयार कर लिए हैं। इन पुलों का लोकार्पण अटल टनल से पहले होगा। चीन और पाकिस्तान को करारा जवाब देने के लिए भारत ने पूरी तैयारी कर ली है। अटल टनल के साथ साथ मनाली लेह मार्ग पर भव्य पुलों का भी निर्माण कर लिया है। सीमा सड़क संगठन सीमावर्ती क्षेत्रों की सड़कों को सुगम बनाने में जुटा हुआ है।

अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल में चंद्रा नदी पर बनाया गया भव्‍य पुल।

अटल टनल के बाद अब सीमा सड़क संगठन ने शिंकुला दर्रे पर बनने वाली टनल की दिशा में काम करना शुरू कर दिया है। रक्षा मंत्री भी मनाली दौरे के दौरान शिंकुला दर्रे में बनने वाली टनल पर बीआरओ के अधिकारियों के साथ चर्चा कर सकते हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दो अक्‍टूबर को मनाली-लेह मार्ग पर बने प्रदेश के सबसे लंबे 360 मीटर दारचा पुल सहित मनाली के पलचान और नॉर्थ पोर्टल में चंद्रा ब्रिज का उद्घाटन करेंगे। अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल में चंद्रा नदी पर 100 मीटर लंबे पुल को गर्ग एंड गर्ग कंपनी ने बीआरओ के मार्ग दर्शन में रिकॉर्ड डेढ़ महीने में लांच किया है।

मनाली-लेह मार्ग पर सोलंग के बीच पलचान में ब्यास नदी पर बनाया गया पुल।

रक्षा मंत्री के आने से पहले बीआरओ के डीजी लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह और एडीजी अनिल ने अटल टनल सहित इन पुलों का दौरा किया। हिमाचल सरकार के तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. रामलाल मार्कंडेय ने कहा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दो अक्टूबर को मनाली पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा रक्षा मंत्री तीनों पुलों का उद्घाटन करेंगे। पिछले सप्ताह रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने पलचान और दारचा पुल का उद्घाटन करना था, लेकिन केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगडी के निधन के कारण कार्यक्रम टल गया था। अब अटल टनल से एक दिन पहले रक्षा मंत्री पुलों का उद्घाटन करेंगे, जबकि तीन अक्टूबर को प्रधानमंत्री अटल टनल का लोकार्पण करेंगे।

मनाली-लेह मार्ग पर बना सबसे लंबा पुल। 360 मीटर लंबे दारचा पुल का उद्धाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दो अक्‍टूबर को मनाली से करेंगे।

chat bot
आपका साथी