अब उपचुनाव में भाजपा का इम्तिहान

दिनेश कटोच धर्मशाला नगर निगम चुनाव के बाद अब भाजपा का लक्ष्य फतेहपुर उपचुनाव है। धर्मशाला

By JagranEdited By: Publish:Thu, 15 Apr 2021 05:00 AM (IST) Updated:Thu, 15 Apr 2021 05:00 AM (IST)
अब उपचुनाव में भाजपा का इम्तिहान
अब उपचुनाव में भाजपा का इम्तिहान

दिनेश कटोच, धर्मशाला

नगर निगम चुनाव के बाद अब भाजपा का लक्ष्य फतेहपुर उपचुनाव है। धर्मशाला में जीत व पालमपुर में कांग्रेस से मिली हार के बाद फतेहपुर उपचुनाव भाजपा के लिए इम्तिहान से कम नहीं होगा।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को धर्मशाला में मेयर व डिप्टी मेयर की ताजपोशी के बाद बैठक में स्पष्ट किया है कि अब बारी फतेहपुर उपचुनाव की है। यह भी तर्क दिया था कि इसके लिए अभी से तैयारी करनी होगी और लक्ष्य जीत हासिल करना है। पूर्व मंत्री सुजान सिंह पठानिया के निधन के बाद उपचुनाव होगा। हालांकि अभी तक अधिसूचना तो जारी नहीं हुई है, लेकिन जून में उपचुनाव हो सकता है। मुख्यमंत्री फतेहपुर में जनसभा के दौरान कई तोहफे क्षेत्र की जनता को देकर चुनावी ताल ठोंक चुके हैं। फतेहपुर उपचुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस में होगा लेकिन डा. राजन सुशांत की भी अहम भूमिका रहेगी। यहां डा. राजन सुशांत भी चुनावी सरगर्मियों को बढ़ाए हुए हैं। कांग्रेस ने स्वर्गीय सुजान सिंह पठानिया के पुत्र भवानी पठानिया का नाम पार्टी हाईकमान को भेजा है। पूर्व राज्यसभा सदस्य कृपाल परमार भाजपा का चेहरा हो सकते हैं। कृपाल के साथ-साथ यहां से प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य बलदेव ठाकुर भी राजनीतिक सरगर्मियों को बढ़ाए हुए हैं। कृपाल परमार वर्ष 2017 में विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ता था। बलदेव ठाकुर 2012 में भाजपा की टिकट से चुनाव लड़े लेकिन वह जीत हासिल नहीं कर सके थे। बलदेव ठाकुर 2017 में भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ आजाद चुनाव मैदान में उतरे और इसका फायदा कांग्रेस को ही मिला था। बलदेव इस समय प्रदेश भाजपा कार्यसमिति के सदस्य हैं और वह भाजपा से टिकट के चाहवान हैं। कांग्रेस से केवल एक ही नाम भवानी पठानिया का सामने है।

.....................

2017 में फतेहपुर में यह रही थी स्थिति

विधानसभा चुनाव में कुल आठ प्रत्याशी मैदान में थे। कांग्रेस के सुजान सिंह पठानिया 18962 मत लेकर विजयी रहे थे। दूसरे नंबर पर भाजपा के कृपाल परमार को 17678 मत मिले थे। बलदेव ठाकुर ने 13090 व डा. राजन सुशांत ने 6205 मत हासिल किए थे।

..................

नगर निगम पालमपुर में कांग्रेस ने जीत हासिल की है। अब कांग्रेस का अगला लक्ष्य फतेहपुर उपचुनाव में जीत हासिल करना है। पार्टी एकजुटता से उपचुनाव में जीत हासिल करेगी। यहां का विकास कांग्रेस की ही देन है।

-अजय महाजन, जिला अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी।

......................

फतेहपुर के उपचुनाव के लिए भाजपा ने कमर कस ली है। मेरे हलके की कुछ पंचायतें भी फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में शामिल हुई हैं। दो दिन बाद फतेहपुर में कार्यक्रम शुरू कर दिए जाएंगे। विकास को लेकर भाजपा आगे है। उपचुनाव में पार्टी जीत हासिल करेगी।

-राकेश पठानिया, वन मंत्री

chat bot
आपका साथी