भारी बर्फबारी के बाद पनपा अब यह बड़ा खतरा, चार जिलों में चेतावनी; शिमला में ओलावृष्टि

Avalanche Warning in himachal हिमाचल में मौसम के तेवर तीखे बने हुए हैं। मौसम विभाग ने 15 व 16 दिसंबर को किन्नौर कुल्लू व लाहुल स्पीति जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।

By Rajesh SharmaEdited By: Publish:Sun, 15 Dec 2019 09:06 AM (IST) Updated:Sun, 15 Dec 2019 04:44 PM (IST)
भारी बर्फबारी के बाद पनपा अब यह बड़ा खतरा, चार जिलों में चेतावनी; शिमला में ओलावृष्टि
भारी बर्फबारी के बाद पनपा अब यह बड़ा खतरा, चार जिलों में चेतावनी; शिमला में ओलावृष्टि

शिमला, जेएनएन। हिमाचल में मौसम के तेवर तीखे बने हुए हैं। मौसम विभाग ने 15 व 16 दिसंबर को किन्नौर, कुल्लू व लाहुल स्पीति जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। लोगों को घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। शिमला में बर्फ पिघली ही नहीं थी कि रविवार दोपहर बाद ओलावृष्टि की परत बिछ गई। ओवावृष्टि से सड़कें फ‍िर सफेद हो गईं। चंबा के उपायुक्त विवेक भाटिया ने तीसा, पांगी, भरमौर सहित ऊपरी इलाकों में 15 दिसंबर को हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। चंबा में एक व्यक्ति की मौत ठंड से होने की आशंका है। मृतक की पहचान चंबा के मोहल्ला लोअर जुलाहकड़ी निवासी 75 वर्षीय मलकीत सिंह पुत्र पुन्नू राम के रूप में हुई है।

चंबा के जोत में बर्फबारी के बाद करीब 12 लोग फंसे हैं। प्रशासन शनिवार को इन लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटा रहा। प्रदेश में कई स्थानों पर शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक बर्फबारी हुई। बारिश व बर्फबारी के बाद भी लोगों की दिक्कतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। प्रदेश में छह राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 431 सड़कें बंद रहीं। विभिन्न स्थानों पर परिवहन निगम (एचआरटीसी) की करीब 54 बसें फंसी रहीं। एचआरटीसी के करीब 200 रूट प्रभावित हुए। 1200 से अधिक ट्रांसफार्मर बंद होने से कई जगह बिजली आपूर्ति बाधित रही। कई गांवों में अंधेरा छाया है।

शिमला, कुल्लू, लाहुल स्पीति, मंडी, चंबा व किन्नौर जिलों में कई स्थानों पर बर्फबारी के कारण यातायात, बिजली व पानी की आपूर्ति ठप है। कई स्थानों पर पाइपों में पानी जमने से पेयजल आपूर्ति नहीं हो पाई। शिमला में शनिवार सुबह दूध व ब्रेड की सप्लाई नहीं पहुंची। इस कारण ढाबा मालिकों ने चाय नहीं बनाई। बर्फबारी के कारण राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला में शनिवार को बीए फस्र्ट सेमेस्टर (बैकलॉग) के बॉटनी विषय की परीक्षा प्रशासन को स्थगित करनी पड़ी। शुक्रवार देर रात कुफरी, नालदेहरा, ठियोग व अन्य क्षेत्रों में करीब एक से डेढ़ फीट तक बर्फबारी हुई। कुफरी में पर्यटकों की दो बसें फंस गईं। प्रशासन ने कुफरी में हसन वैली के पास फंसे 100 पर्यटकों को शनिवार तड़के चार बजे निकाला।

सिरमौर जिला में बारिश, ओलावृष्टि व बर्फबारी की आशंका के कारण प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। डलहौजी में दो दिन से सड़क सुविधा, बिजली व पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। चंबा में 90 रूटों पर बसों के पहिये थमे रहे। कुल्लू में 39 संपर्क मार्ग बंद रहे। मंडी में 30 संपर्क मार्ग बंद रहे व 10 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं।

19 तक मौसम साफ रहने के आसार

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 15 दिसंबर को किन्नौर, कुल्लू व लाहुल स्पीति के अलावा नौ जिलों के ऊंचे क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर बर्फबारी व निचले क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की संभावना है। प्रदेश में मौसम 19 दिसंबर तक साफ रहने के आसार हैं। प्रदेशभर में मौसम के तेवर 20 दिसंबर से कड़े हो सकते हैं।

chat bot
आपका साथी