सीमेंट नहीं उठाया तो कोर्ट जाऊंगी : पूर्व प्रधान

सीमेंट खराब होने का मामला कहा-सीमेंट उपयोग लायक पर पंचायत उसे लेने से आनाकानी कर रह

By JagranEdited By: Publish:Mon, 12 Apr 2021 06:18 AM (IST) Updated:Mon, 12 Apr 2021 06:18 AM (IST)
सीमेंट नहीं उठाया तो कोर्ट जाऊंगी : पूर्व प्रधान
सीमेंट नहीं उठाया तो कोर्ट जाऊंगी : पूर्व प्रधान

सीमेंट खराब होने का मामला

कहा-सीमेंट उपयोग लायक पर पंचायत उसे लेने से आनाकानी कर रही

पूर्व प्रधान पर डाली गई है एक लाख 88 हजार रुपये की रिकवरी

संवाद सूत्र, भदरोआ : विकास खंड इंदौरा की पंचायत काठगढ़ में सीमेंट की 400 से अधिक बोरियां खराब होने के मामले में पूर्व प्रधान और उपप्रधान ने प्रशासन पर राजनीतिक दबाव में पक्षपात करने का आरोप लगाया है। रविवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि विभाग ने नियमों के विपरीत जाकर पूर्व प्रधान पर रिकवरी डाली है। पंचायत की पूर्व प्रधान रानी देवी और उपप्रधान शेर अली ने बताया कि रेन शेड के कार्य के लिए करीब 410 बैग सीमेंट की खरीद की थी। उसे रानी देवी ने पशुशाला के शेड में रखा था। सरिया और रेत-बजरी निर्माण कार्य वाले स्थान के पास सुरक्षित रखी थी, जिसे नई पंचायत के हवाले कर दिया है। उनका तर्क है कि पशुशाला में रखे 410 बैग सही स्थिति में हैं, लेकिन नई पंचायत उन्हें लेने में आनाकानी कर रही है। यदि विभाग और पंचायत ने सीमेंट नहीं उठाया तो उनके पास कोर्ट में जाने के अलावा कोई विकल्प शेष नहीं बचेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पंचायत में कई माह तक काम को लटकाए रखा। नई पंचायत बनने पर इंजीनियर की रिपोर्ट के अनुसार सीमेंट का दुरुपयोग करने पर पूर्व प्रधान पर एक लाख 88 हजार 140 रुपये की रिकवरी डाल दी। वहीं इंजीनियर अश्वनी पठानिया ने बताया पूर्व प्रधान के पास पड़े सीमेंट को जांचा जाएगा। इस्तेमाल होने योग्य सीमेंट को विकास कार्य में लगाया जाएगा।

काठगढ़ पंचायत के नवनियुक्त प्रधान जगमोहन सिंह ने बताया उन्होंने बीडीओ कार्यालय इंदौरा को इस बाबत शिकायत की थी। विभाग ने इंजीनियर से जांच करवाई तो सीमेंट को इस्तेमाल योग्य नहीं पाया गया। ऐसे में इस सीमेंट को प्रयोग करने से पंचायत मना कर रही है। सीमेंट की जांच होगी : बीडीओ

बीडीओ इंदौरा कर्म सिंह ने बताया पूर्व प्रधान को सीमेंट का दुरुपयोग करने पर रिकवरी डाली गई है। यदि पूर्व प्रधान के पास इस्तेमाल होने योग्य सीमेंट पड़ा है तो उसकी जांच कर पंचायत के विकास कार्यो में उपयोग कर लिया जाएगा। पूर्व प्रधान नई पंचायत में सीमेंट जमा करवा देती हैं तो रिकवरी रद कर दी जाएगी।

----------------

पूर्व प्रधान के पक्ष के उतरी इंदौरा कांग्रेस

संवाद सूत्र, भदरोआ : काठगढ़ पंचायत में सीमेंट खराब होने के विवाद के बीच ब्लॉक कांग्रेस पूर्व प्रधान रानी देवी के पक्ष में उतर आई है। रविवार को इंदौरा कांग्रेस के पदाधिकारी ब्लॉक अध्यक्ष दविद्र सिंह मनकोटिया के नेतृत्व में काठगढ़ पहुंचे और सीमेंट को जांचा। इस दौरान उन्होंने विभाग की कार्यशैली और राजनीति के दबाव में आकर काम करने पर रोष जताया।

वरिष्ठ नेता कमल किशोर, इंदौरा अल्पसंख्यक के अध्यक्ष मुहम्मद सलीम, ओबीसी के अध्यक्ष रणधीर सिंह, पंचायती राज अध्यक्ष राजेश ठाकुर, एससी सेल के अध्यक्ष सुरिद्र काला, महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला देवी, सेवादल अध्यक्ष विनय कुमार, वीना देवी सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार कांग्रेस समर्थित पंचायत प्रधान से पक्षपात कर रही है। पूर्व प्रधान के पास रखा सीमेंट इस्तेमाल योग्य है। बावजूद इसके विभाग का कोई अधिकारी आज तक मौके पर नहीं पहुंचा। बिना जांच के बीडीओ ने भी पूर्व प्रधान पर रिकवरी डाल दी है। उन्होंने चेतावनी दी कि पूर्व प्रधान को न्याय दिलाने के लिए उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी