हिमाचल में अब तक 257 को डेंगू, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

हिमाचल प्रदेश में इस साल डेंगू के 257 मामले सामने आए हैं। हालांकि इससे किसी की मौत नहीं हुई। डेंगू के बढ़ते मामलों के कारण स्वास्थ्य विभाग को एडवाइजरी जारी करनी पड़ी है। स्वास्थ्य विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है।

By Vijay BhushanEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 10:40 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 10:40 PM (IST)
हिमाचल में अब तक 257 को डेंगू, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
हिमाचल में डेंगू से अब तक 257 संक्रमित।

शिमला, राज्य ब्यूरो। हिमाचल प्रदेश में इस साल डेंगू के 257 मामले सामने आए हैं। हालांकि इससे किसी की मौत नहीं हुई। डेंगू के बढ़ते मामलों के कारण स्वास्थ्य विभाग को एडवाइजरी जारी करनी पड़ी है। स्वास्थ्य विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है। प्रदेश में इस वर्ष डेंगू की जांच के लिए 2344 टेस्ट किए गए, जिनमें 257 लोग डेंगू पाजिटिव पाए गए हैं।

प्रदेश के आठ जिलों में डेंगू के मामले पाए गए हैं। इनमें सबसे अधिक सोलन और कांगड़ा में हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी की गई एडवाइजरी के अनुसार डेंगू मच्छरों के काटने से फैलता हैं और डेंगू के अधिकतर मामले शहरी और अर्ध शहरी क्षेत्रों में पाए जाते हैं। लोगों को अपने घरों के आसपास साफ-सफाई रखने और पानी जमा न होने देने की सलाह दी है, जिससे मच्छर न पनप सकें।

क्यों फैलता है डेंगू का मच्छर

डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर साफ पानी में पनपता है। बरसात के मौसम में लोग घरों की छतों पर कई तरह का सामान छोड़ देते हैं, जिनमें बारिश का पानी जमा होता रहता है। इसी में पैदा होने वाला मछ्छर बीमारी का कारण बनता है। स्वास्थ्य विभाग हर साल लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान भी छेड़ता है, लेकिन लोग लापरवाही के कारण बीमारी की चपेट में आते हैं।

डेंगू के लक्षण

डेंगू के लक्षणों में अचानक तेज बुखार आना, सिर दर्द, आंखों के पीछे दर्द, जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द, थकान, उल्टी आना और शरीर पर लाल चकत्ते (दाने) आना आदि शामिल हैं। डेंगू के मरीज में प्लेटलेट्स कम होने की शिकायत भी अाती है, जो सही समय पर उपचार न करवाने पर जानलेवा साबित हो सकती है।

डेंगू के मामले

जिला,संख्या

सोलन,194

कांगड़ा,25

हमीरपुर,5

चंबा,3

मंडी,3

ऊना,2

बिलासपुर,1

सिरमौर,1

टांडा मेडिकल कालेज,4

.......

डेंगू के मामलों को देखते हुए एडवाइजरी जारी की गई है। प्रदेश में इस वर्ष अभी तक 257 मामले आए हैं।

-हेमराज बैरवा, मिशन निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, हिमाचल प्रदेश।

chat bot
आपका साथी