भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकाना जैसमिन का सपना

हॉकी खिलाड़ी जैसमिन शर्मा ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन किया है। वह भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा बनना चाहती हैं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 12 Apr 2021 05:54 PM (IST) Updated:Mon, 12 Apr 2021 05:54 PM (IST)
भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकाना जैसमिन का सपना
भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकाना जैसमिन का सपना

दीनानाथ शास्त्री, जाहू

हॉकी खिलाड़ी 18 वर्र्षीय जैसमिन शर्मा ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। जैसमिन का सपना भारतीय महिला हॉकी टीम में शामिल होकर भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकाना है। भारतीय हॉकी टीम में शामिल होने के लिए वह कड़ी मेहनत कर रही हैं। जैसमिन इन दिनों बिलासपुर जिला के घुमारवीं ब्लॉक के बगेटू गांव स्थित घर आई हैं।

सेंटर फॉरवर्ड पॉजीशन पर खेलने वाली जैसमिन ने विशेष भेंट में बताया कि झारखंड में होने वाली राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता के लिए उनका चयन हुआ था। हालांकि कोरोना संक्रमण बढ़ने के कारण तीन से 13 अप्रैल तक होने वाली यह प्रतियोगिता स्थगित हो गई। इस साल फरवरी में राजस्थान में हुई राष्ट्रीय महिला हॉकी प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीम ने महाराष्ट्र की टीम को हराकर गोल्ड मेडल जीता था। इस टीम में वह भी शामिल थीं। इससे पूर्व जैसमिन ने इंटर कॉलेज प्रतियोगिता में अपनी टीम को तीसरा स्थान दिलाया है। उन्होंने तमिलनाडु में हुई सब जूनियर राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता, जालंधर व लुधियाणा में हुई अंडर-19 हॉकी प्रतियोगिता, केरल में हुई जूनियर स्तर और राजस्थान में हुई सब जूनियर स्तर की प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन किया था। जैसमिन के पिता राकेश कुमार हंबोट पंचायत के उपप्रधान है। उन्होंने बताया कि बेटी के खेल प्रदर्शन से स्वजन खुश हैं।

------------- टीम को चैंपियन बनाने में अहम योगदान

जैसमिन ने पहली से पांचवीं कक्षा तक पढ़ाई प्राथमिक पाठशाला बगेटू, छठी से सातवीं कक्षा तक पढ़ाई राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हटवाड़ और आठवीं से जमा दो कक्षा तक पढ़ाई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला माजरा (सिरमौर) से की। उन्होंने स्कूली शिक्षा के दौरान मंडी जिला के करसोग, किन्नौर जिला के कल्पा और हमीरपुर व कांगड़ा जिलों में हुई स्कूल स्तर की राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी टीम को चैंपियन बनाने में अहम योगदान दिया। बेहतर खेल प्रतिभा के कारण उनका चयन स्पो‌र्ट्स हॉस्टल माजरा में हुआ था। वह स्नातक द्वितीय वर्ष की पढ़ाई राजकीय कन्या कॉलेज लुधियाणा (पंजाब) से कर रही हैं। उसका यहां खेल कोटे के तहत चयन हुआ है।

chat bot
आपका साथी