योजनाओं का प्रचार-प्रसार करें अधिकारी

विधायक कमलेश कुमारी ने अधिकारियों को सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार करने का आदेश दिया है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 04:02 PM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 04:02 PM (IST)
योजनाओं का प्रचार-प्रसार करें अधिकारी
योजनाओं का प्रचार-प्रसार करें अधिकारी

संवाद सहयोगी, भोरंज : विधायक एवं प्रदेश विधानसभा में मुख्य उपसचेतक कमलेश कुमारी ने कहा कि गरीबों और समाज के अन्य सभी कमजोर वर्गों के उत्थान व सशक्तीकरण के लिए प्रदेश और केंद्र सरकार ने कई योजनाएं आरंभ की हैं। इन कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ समाज के गरीब, कमजोर व पिछड़े वर्गों तक पहुंचाया जा रहा है। मंगलवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से भोरंज के मिनी सचिवालय में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम पर आयोजित एक जागरूकता शिविर की अध्यक्षता करते हुए कमलेश कुमारी ने कहा कि देश और प्रदेश की सरकार गरीब, कमजोर और पिछड़े वर्गों के लिए बहुत बड़ा सहारा बनी है। इन वर्गों के लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।

कमलेश कुमारी ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि वे सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। इस दौरान कमलेश कुमारी ने स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत 17 लोगों को गृह निर्माण अनुदान राशि के चेक वितरित किए। उन्होंने अनुवर्ती कार्यक्रम योजना के 35 लाभार्थियों को सिलाई मशीनें भी प्रदान कीं।

जिला कल्याण अधिकारी डा. संजीव शर्मा ने कहा कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम में विशेष प्रविधान किए गए हैं। उन्होंने इस अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी भी दी। अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी विभाग की योजनाओं से अवगत करवाया।

तहसील कल्याण अधिकारी बलदेव सिंह चंदेल ने सभी का आभार व्यक्त किया। शिविर में भोरंज भाजपा मंडल महामंत्री अशोक ठाकुर, चमन लाल ठाकुर, बाल विकास परियोजना अधिकारी जीत राम चौधरी और अन्य मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी