निगम की वेबसाइट पर आनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं पूर्व सैनिक

जागरण संवाददाता हमीरपुर हिमाचल पूर्व सैनिक निगम के निदेशक मंडल की बैठक शुक्रवार क

By JagranEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 05:06 PM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 06:21 PM (IST)
निगम की वेबसाइट पर आनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं पूर्व सैनिक
निगम की वेबसाइट पर आनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं पूर्व सैनिक

जागरण संवाददाता, हमीरपुर : हिमाचल पूर्व सैनिक निगम के निदेशक मंडल की बैठक शुक्रवार को अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) खुशहाल ठाकुर की अध्यक्षता में हुई।

खुशहाल ठाकुर ने कहा कि सेना में सेवाएं देने के बाद 35 से 40 वर्ष की आयु में घर आने वाले जवान के लिए रोजगार के अभाव में आगे का जीवन मुश्किल हो जाता है। सरकारी नौकरियों में 15 फीसद कोटे में इन सभी जवानों को अवसर नहीं मिलता है। इसलिए हिमाचल प्रदेश सरकार एवं अन्य उपक्रमों के सहयोग से सुरक्षा कर्मचारियों की संख्या को अधिक बढ़ाने के लिए निगम लगातार प्रयास कर रहा है। इसके अलावा पूर्व सैनिकों के ट्रकों को विभिन्न सीमेंट फेक्ट्रियों और अन्य उद्योगों में अधिक ढुलाई कार्य दिलाने की व्यवस्था की जा रही है। निगम ने प्रदेश सरकार से सभी विभागों, निगमों-बोर्डो, विश्वविद्यालयों व अन्य संस्थानों में पूर्व सैनिक निगम के माध्यम से ही आउटसोर्स आधार पर पूर्व सैनिकों की सेवाएं लेने का आग्रह किया है।

निगम ने पूर्व सैनिकों के लिए सुरक्षा सेवाओं में वेबसाइट पर पंजीकरण के लिए एक लिक भी जारी किया है। अभी तक इसमें कुल 7131 पूर्व सैनिकों का आनलाइन पंजीकरण हो चुका है। कोरोना संकट के दौरान भी निगम ने सात सौ से अधिक पूर्व सैनिकों को रोजगार दिया है। कोरोना संकट के बावजूद निगम ने 2020-21 में नौ करोड़ रुपये से अधिक का शुद्ध लाभ अर्जित किया है, जबकि 2019-20 में निगम को सात करोड़ 41 लाख का शुद्ध लाभ हुआ था।

बैठक में ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) एलसी जसवाल, कर्नल (सेवानिवृत्त) दुनी सिंह जम्वाल, पूर्व सूबेदार सुखदेव सिंह मसारड़, सैनिक कल्याण विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक स्क्वाड्रन लीडर (सेवानिवृत्त) मनोज कुमार, निगम सचिव हितेश लखनपाल, कृषि उपनिदेशक डा. पीसी सैणी और उद्योग विभाग के प्रबंधक चुनी लाल चोपड़ा मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी