मंडी में 11 को हल्ला बोलेंगे डिपो संचालक

जागरण संवाददाता हमीरपुर प्रदेशभर के डिपो संचालक स्थायी नीति की मांग पूरी न किए जाने के

By JagranEdited By: Publish:Sun, 03 Oct 2021 06:23 PM (IST) Updated:Sun, 03 Oct 2021 06:23 PM (IST)
मंडी में 11 को हल्ला बोलेंगे डिपो संचालक
मंडी में 11 को हल्ला बोलेंगे डिपो संचालक

जागरण संवाददाता, हमीरपुर : प्रदेशभर के डिपो संचालक स्थायी नीति की मांग पूरी न किए जाने के बाद प्रदेश सरकार के खिलाफ उग्र हो गए हैं। डिपो संचालक 11अक्टूबर को मंडी में प्रांतीय सम्मेलन आयोजित कर सरकार के खिलाफ हल्ला बोलेंगे।

प्रदेश डिपो संचालक समिति के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कवि ने कहा कि प्रदेश में 5036 डिपो संचालक हैं। इनमें बहुत सारे डिपो संचालक पंचायतों का प्रतिनिधित्व भी कर रहे हैं। डिपो संचालक समिति समय समय पर सरकार को मांगों से अवगत करवाती आ रही है। लेकिन प्रदेश सरकार मांगों को अनसुना करती आई है। डिपो संचालकों को प्रोत्साहन देने के बजाय हताश और निराश करने का काम किया है। कोरोना काल में जान की परवाह किए बगैर डिपो संचालकों ने लोगों के बीच रहकर सेवाएं दी हैं। इस कठिन दौर में 10 डिपो संचालकों की कोरोना से मौत हो गई। बावजूद इसके सरकार ने डिपो संचालकों के हित में कोई कदम नहीं उठाया।

अशोक कवि ने कहा कि प्रदेश के निजी डिपो धारक अपना पैसा लगाकर निगम के गोदामों से राशन ला लोगों को वितरित करते हैं। राशन रखने के लिए दुकानें भी किराए पर लेते हैं। जिसके किराए और बिजली बिल का भुगतान भी स्वयं कर रहे हैं। सरकार इसके बदले में एपीएल व एपीएलटी के राशन पर मात्र तीन प्रतिशत कमीशन देकर डिपो संचालकों के साथ भद्दा मजाक कर रही है।

अधिकांश निगम के गोदामों से डिपो संचालकों को राशन तोल कर नहीं दिया जाता है। जिससे डिपो संचालकों को गोदामों से कम राशन मिलने पर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। प्रदेश में अधिकतर निगम के गोदामों में भार तोलने के लिए वेट मशीनें तक नहीं हैं। इसकी शिकायत भी समिति कई मर्तबा विभागीय मंत्री से कर चुकी है। लेकिन आज तक सरकार और विभाग द्वारा से इस मसले पर कोई कार्रवाई नही की गई है।

chat bot
आपका साथी