कांगड़ा-चंबा की 833 बस्तियों में पहुंचेगा पानी

- 02 लाख 28 हजार लोगों को नई पेयजल योजनाओं से उपलब्ध करवाया जाएगा पानी - 168 करोड़ रु

By JagranEdited By: Publish:Tue, 27 Feb 2018 03:01 AM (IST) Updated:Tue, 27 Feb 2018 03:01 AM (IST)
कांगड़ा-चंबा की 833 बस्तियों में पहुंचेगा पानी
कांगड़ा-चंबा की 833 बस्तियों में पहुंचेगा पानी

- 02 लाख 28 हजार लोगों को नई पेयजल योजनाओं से उपलब्ध करवाया जाएगा पानी

- 168 करोड़ रुपये इन पेयजल योजनाओं पर खर्च होंगे। विदेशी मदद से आइपीएच विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में बनाएगा ऐसी योजनाएं

जागरण संवाददाता, धर्मशाला : जिला कांगड़ा व चंबा की 833 बस्तियों के लोगों को सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग जल्द नई पेयजल योजनाओं से पेयजल की आपूर्ति करेगा। इसके लिए विभाग ने योजना तैयार कर ली है तथा इसके लिए ब्रिक्स के माध्यम से धन उपलब्ध करवाया जाएगा। यह बात अभी हाल ही में आइपीएच के मुख्य अभियंता (उत्तरी क्षेत्र) राजेश बख्शी ने दैनिक जागरण से विशेष बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट के तहत इन बस्तियों के दो लाख 28 हजार के करीब लोगों को पेयजल उपलब्ध होगा और इस पर 168 करोड़ रुपये खर्च होंगे। विदेशी मदद से आइपीएच विभाग पहली बार ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी योजनाओं का निर्माण करेगा।

40 सिंचाई योजनाओं पर होगा कार्य

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत आइपीएच के उत्तरी क्षेत्र में 40 योजनाएं शुरू की जाएंगी। इसके लिए पहले मार्च 2020 तक का समय रखा गया था, लेकिन अब इन योजनाओं को दिसंबर 2019 तक तैयार कर लिया जाएगा। इसके तहत कई छोटी कूहलों का निर्माण होगा। सर्दियों के मौसम में बर्फबारी व बारिश कम होने से सूखे की बढ़ रही संभावना बारे उन्होंने कहा कि इससे निपटने के लिए एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है। इसमें सभी अधिकारियों को जरूरी दिशानिर्देश दिए गए हैं।

कूहलों में गंदगी व अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई

जिला कांगड़ा में कई सिंचाई कूहलों के अस्तित्व पर कूड़े व अतिक्रमण के कारण संकट पैदा हो गया है। इस बारे मुख्य अभियंता ने कहा कि कूहलों में जो भी लोग कूड़ा-कचरा, घरों या दुकानों की गंदगी डाल रहे हैं तथा कूहलों पर अतिक्रमण कर रहे हैं उन पर कड़ी कार्रवाई होगी। इसकी शुरुआत कृपाल चंद कूहल पालमपुर से की जा रही है।

हैंडपंपों का होगा सही निर्धारण

जिला कांगड़ा व चंबा में हैंडपंप सही स्थान पर लगें, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा खराब हैंडपंपों को भी ठीक किया जाएगा।

छौंछ खड्ड के तटीकरण पर भी होगा काम

जिला कांगड़ा में आइपीएच विभाग के माध्यम से इंदौरा में छौंछ खड्ड के तटीकरण का कार्य अभी अधूरा है। हर साल यहां बाढ़ से भूमि का काफी कटाव हो रहा है। इसके लिए 180 करोड़ रुपये खर्च होंगे। करीब 34 किलोमीटर के इस प्रोजेक्ट में अभी छह किलोमीटर तक ही कार्य हुआ है। इसके लिए प्रदेश सरकार ने 20 करोड़ उपलब्ध करवाए थे। बाकी का बजट उपलब्ध करवाने को लेकर भी केंद्र से बातचीत हो रही है।

संबंधित कनिष्ठ अभियंता (जेई) को बताएं दिक्कत

आइपीएच संबंधित पेयजल या अन्य दिक्कतों को लेकर लोगों को सबसे पहले अपने क्षेत्र के कनिष्ठ अभियंता को अवगत करवाना चाहिए। इसको लेकर लोग ई-शिकायत या फिर कार्यालय में भी शिकायत करवा सकते हैं। इसके बाद भी अगर समाधान न हो तो उस क्षेत्र के सहायक अभियंता या अधिशाषी अभियंता को अपनी शिकायत बताएं। लोगों की शिकायतों का जल्द समाधान हो, इसके लिए कांगड़ा-चंबा के सभी मंडलों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

---------------

कांगड़ा-चंबा में हैं यह पेयजल योजनाएं

जिला कांगड़ा व चंबा में कुल 1351 पेयजल योजनाएं हैं। इसमें 570 कांगड़ा तथा 781 योजनाएं चंबा में हैं। जबकि कांगड़ा में सात हजार 357 हैंडपंप तथा चंबा में 2642 हैंडपंप लगाए गए हैं। इनमें कांगड़ा में 128 तथा चंबा में 117 हैंडपंप पूरी तरह से बंद हैं, जबकि अन्य तकनीकी कारणों से बंद हैंडपंपों को जल्द ठीक किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी