इनाम का लालच देकर गहने व नकदी ले उड़ी दो महिलाएं

पुलिस थाना चुवाड़ी के तहत बकलोह क्षेत्र में दो महिलाओं द्वारा इनाम देने के नाम पर महिला के साथ ठगी करने का मामला सामने आया है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 26 Feb 2020 11:43 PM (IST) Updated:Thu, 27 Feb 2020 06:18 AM (IST)
इनाम का लालच देकर गहने व नकदी ले उड़ी दो महिलाएं
इनाम का लालच देकर गहने व नकदी ले उड़ी दो महिलाएं

संवाद सहयोगी, बकलोह : पुलिस थाना चुवाड़ी के तहत बकलोह क्षेत्र में दो महिलाओं द्वारा इनाम देने के नाम पर महिला के साथ ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। ठगी का शिकार हुई महिला ने पुलिस चौकी बकलोह में बताया कि गत 20 फरवरी को दो अज्ञात महिलाएं उसके घर आई।

उन्होंने महिला को अपनी चांदी की अंगूठी देने को कहा और डिजाइन कंपनी को पसंद आने पर कुछ इनाम देने का प्रलोभन दिया। महिला ने उनके झांसे में आकर अपनी पहनी हुई चांदी की अंगूठी महिलाओं को दे दी। अगले दिन दोनों महिलाएं उसके घर पहुंचीं और उसकी अंगूठी 500 रुपये नकद पुरस्कार के साथ वापस कर दी। इस बार उन्होंने कहा कि अगर महिला सोने की अंगूठी देती है तो उसे अधिक नकद इनाम मिल सकता है। एक बार फिर उसने सोने की अंगूठी महिलाओं को दी। अगले दिन महिलाओं ने फिर से उसकी अंगूठी एक हजार रुपये नकद पुरस्कार के साथ लौटा दी। इस बार उन्होंने सोने के छह गहने देने पर 30,000 रुपये इनाम देने की पेशकश की। महिला ने छह गहने महिलाओं को दे दिए। इसके बाद दोनों महिलाएं दोबारा नहीं लौटीं और गहने लेकर फरार हो गई।

एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने बताया कि पुलिस थाना चुवाड़ी में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के अंतर्गत दोनों अज्ञात महिलाओं के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। लोगों से अपील है कि वे इस प्रकार के शातिरों द्वारा दिए जाने वाले प्रलोभनों से बचें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

chat bot
आपका साथी