ट्रैफिक लाइटें होंगी दुरुस्त, चलाए जाएंगे जागरूकता अभियान

जिला चंबा में यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस व परिवहन विभाग द्वारा भले ही मुस्तैदी दिखाई जा रही हो लेकिन कुछ खामियों को सुधारे जाने की जरूरत है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 30 Nov 2020 06:17 AM (IST) Updated:Mon, 30 Nov 2020 06:17 AM (IST)
ट्रैफिक लाइटें होंगी दुरुस्त, चलाए जाएंगे जागरूकता अभियान
ट्रैफिक लाइटें होंगी दुरुस्त, चलाए जाएंगे जागरूकता अभियान

संवाद सहयोगी, चंबा : जिला चंबा में यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस व परिवहन विभाग द्वारा भले ही मुस्तैदी दिखाई जा रही हो लेकिन कुछ खामियों को सुधारे जाने की जरूरत है। इन्हीं खामियों को सुधारने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है।

चंबा मुख्यालय में खराब पड़ी ट्रैफिक लाइटों को ठीक करवाने की पुलिस विभाग द्वारा बात कही जा रही है। इसके साथ ही जिला चंबा में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को खिलाफ और मुस्तैदी से कार्य करने के लिए करीब 17 और बाइकों की डिमांड भेजी गई है। इन बाइकों के आने के बाद पुलिस को यातायात नियमों को तोड़कर भागने वालों को दबोचने में आसानी रहेगी।

यातायात नियमों का पालन करवाने के लिए नाके बढ़ाने की भी बात कही जा रही है। जिलाभर में यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस की ओर से करीब 20 टीमें हर दिन कार्य कर रही हैं। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों को पकड़ने के लिए हर थाने में एल्को सेंसर दिए गए हैं। वहीं ओवरस्पीड के मामले पकड़ने के लिए भी विभिन्न स्थानों पर नाके लगाए जाते हैं।

-------------

दोपहिया वाहन पर दोनों सवारियों के लिए हेलमेट पहनना जरूरी

जिला चंबा में दोपहिया वाहन सवार दोनों व्यक्तियों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य किया गया है। जिला चंबा में हर वर्ष सड़कों पर सौ से अधिक दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें कई लोग जिदगी की जंग हार जाते हैं। वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं। कई जगह सड़कों पर क्रैश बैरियर की कमी तो कई दुर्घटनाओं में ओवरस्पीड व लापरवाही जिदगी पर भारी पड़ जाती है। पुलिस विभाग के अनुसार वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। इसके साथ ही जिन स्थानों पर नाके लगाए जा रहे हैं, वहां पर भी वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। सभी वाहन चालकों सहित सवारियों को भी सचेत किया जा जाएगा।

---------

खराब पड़ी ट्रैफिक लाइटों के स्थान पर नई ट्रैफिक लाइटें लगाने के लिए उपायुक्त से फंड की मांग की गई है। इसके साथ ही 17 नई बाइकों की डिमांड उच्चाधिकारियों व सरकार से की गई है। यातायात को पूरी तरह से सुरक्षित बनाने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं और आगे भी चलाए जाएंगे।

-एस. अरुल कुमार, एसपी चंबा।

chat bot
आपका साथी