सुखधार में 50 लाख से बनेगा ट्रैकिग हट

-गुवाड़ी गांव को जल्द मिलेगी सड़क सुविधा जागरण संवाददाता चंबा हिमगिरी क्षेत्र के सुखधार मे

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Jul 2021 06:05 PM (IST) Updated:Fri, 23 Jul 2021 06:05 PM (IST)
सुखधार में 50 लाख से बनेगा ट्रैकिग हट
सुखधार में 50 लाख से बनेगा ट्रैकिग हट

-गुवाड़ी गांव को जल्द मिलेगी सड़क सुविधा

जागरण संवाददाता, चंबा : हिमगिरी क्षेत्र के सुखधार में ट्रैकिंग हट बनाने के लिए 50 लाख रुपये की राशि को स्वीकृति प्रदान की गई है। विभाग को जल्द औपचारिकताएं पूर्ण करने के लिए कहा गया है। चुराह घाटी में मौजूद अपार वन संपदा से सरकार को राजस्व प्राप्त होने के साथ स्थानीय लोगों को घर-द्वार आय के बेहतर विकल्प उपलब्ध हुए हैं। प्रदेश की बेहतर वायु गुणवत्ता कोरोना वायरस से संक्रमित हुए लोगों के उपचार में अन्य राज्यों की तुलना में मददगार रही।

विधानसभा उपाध्यक्ष डा. हंस राज शुक्रवार 72वें मंडलस्तरीय वन महोत्सव के तहत सुखधार में आयोजित पौधारोपण अभियान में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने इस दौरान देवदार का पौधा रोपित कर वन महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि भविष्य की जरूरत के अनुरूप वनों के संरक्षण और संवर्धन से संबंधित कार्यो के लिए जन सहभागिता सुनिश्चित हो। प्रदेश सरकार की ओर से वन विस्तार के लिए कई योजनाओं को आरंभ किया गया है। इसके अलावा इस बार सभी स्थानीय निकायों और पंचायत प्रतिनिधियों को 51-51 विभिन्न प्रजातियों के पौधे भी रोपित करने के लिए वितरित किए जा रहे हैं।

वन विश्राम गृह हिमगिरी में दो अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए उपयुक्त धनराशि को उपलब्ध करवाने का आश्वासन देते हुए विधानसभा उपाध्यक्ष ने विश्रामगृह तक सड़क बनाने के लिए दो लाख रुपयों की राशि उपलब्ध करवाने का ऐलान भी किया। कुम्हारका गांव तक सड़क बनाने के लिए बजट का प्रविधान कर दिया गया है। इसके अलावा गुवाड़ी गांव को भी जल्द सड़क सुविधा उपलब्ध करवा दी जाएगी। इसके अलावा इस क्षेत्र में जल शक्ति विभाग की ओर से चिन्हित स्थलों पर चार हैंडपंप भी लगाए जा रहे हैं।

वन महोत्सव के दौरान पांच हेक्टेयर क्षेत्रफल में लगभग चार हजार के करीब देवदार, गूं और अखरोट के पौधों का भी रोपण किया गया। इस अवसर पर वन मंडल अधिकारी चुराह डा. कुलदीप जम्वाल ने विधानसभा उपाध्यक्ष को शाल, टोपी व समृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने पर्यावरण संतुलन बनाने के लिए वनों का योगदान और वन महोत्सव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी सांझा की। इस दौरान विधानसभा उपाध्यक्ष ने स्थानीय लोगो की समस्याओं का भी मौके पर समाधान किया। इस अवसर पर पंचायत समिति अध्यक्ष कौशल्या देवी, मंडल उपाध्यक्ष बलदेव सिंह, प्रदेश अल्पसंख्यक महामंत्री याकूब मोहम्मद,अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष गोविद राम, स्थानीय प्रधान बिमला देवी व वन विभाग के अधिकारी व पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भी पौधारोपण कर महोत्सव में योगदान दिया।

chat bot
आपका साथी