भटियात की पंचायतों का होगा समान विकास

मुख्य सचेतक बिक्रम सिंह जरियाल का कई जगह हुआ भव्य स्वागत संवाद सहयोगी डलहौजी/बकलोह

By JagranEdited By: Publish:Fri, 30 Jul 2021 08:43 PM (IST) Updated:Fri, 30 Jul 2021 08:43 PM (IST)
भटियात की पंचायतों का होगा समान विकास
भटियात की पंचायतों का होगा समान विकास

फोटो

मुख्य सचेतक बिक्रम सिंह जरियाल का कई जगह हुआ भव्य स्वागत

संवाद सहयोगी, डलहौजी/बकलोह : मुख्य सचेतक का पदभार संभालने के बाद विधायक बिक्रम सिंह जरयाल ने शुक्रवार को ककीरा व डलहौजी की विभिन्न पंचायतों का दौरा किया। नैनीखड्ड, मेल व मोरनू पंचायत पहुंचने पर लोगों ने उनका स्वागत किया। मोरनू पंचायत में मुख्य सचेतक ने वन विभाग की ओर से आयोजित वन महोत्सव कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थिति दर्ज करवाकर पौधारोपण किया। दोपहर साढ़े तीन बजे उन्होंने चूहन पंचायत में लोगों से मुलाकात की। इसके बाद सुदली, बगढार, ढलोग व बैली पंचायत में आयोजित स्वागत कार्यक्रमों में शिरकत कर लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भटियात की पंचायतों का समान विकास करवाया जाएगा। क्षेत्र में पेयजल, विद्युत, सड़क व स्वास्थ्य सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकतर का मौके पर निपटारा कर दिया। अन्य समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।

उपमंडल डलहौजी की पंचायतों के लोगों का हमेशा भरपूर सहयोग मिलता रहा है। मेल-चूहन क्षेत्र भाजपा का गढ़ है।

उधर, मुख्य सचेतक शुक्रवार को तारागढ़ पंचायत के बैरिया में पहुंचे। यहां स्थानीय लोगों ने फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्य सचेतक दिन में करीब साढ़े 11 बजे ककीरा पहुंचे। यहां लोगों ने फूल बरसाकर, आतिशबाजी, ढोल व नगाड़ों के साथ आरती उतारकर उनका स्वागत किया। कुमलाड़ी चौक में लोगों ने मुख्य सचेतक बनने पर उन्हें शुभकामनाएं दी। मुख्य सचेतक ने कार्यकर्ताओं का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह कार्यकर्ताओं व लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे। वह जनता के सेवक हैं और हमेशा सेवक के रूप मे कार्य करते रहेंगे। उन्होंने जनता से वादा किया कि समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करेंगे। इस मौके पर वरिष्ठ कार्यकर्ता केडी थापा, राम कुमार राणा, अरुण थापा, राजेंद्र गुरुंग, पंचायत प्रधान उमेश महाजन व इंदु देवी सहित दुगेश नंदनी, बाबी राणा, रिकू धीमान, लाल चंद आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी