पांगी व भरमौर में बर्फबारी, आवाजाही प्रभावित

बर्फबारी से बढ़ रही हैं लोगों की दिक्कतें, वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित।

By Edited By: Publish:Thu, 15 Nov 2018 07:39 PM (IST) Updated:Fri, 16 Nov 2018 08:56 AM (IST)
पांगी व भरमौर में बर्फबारी, आवाजाही प्रभावित
पांगी व भरमौर में बर्फबारी, आवाजाही प्रभावित

भरमौर, जेएनएन। मौसम के बदले रुख के साथ पांगी व भरमौर में बर्फबारी के बाद लोगों की दिक्कतें बढ़ने लगी हैं। सबसे ज्यादा परेशानी लोगों को पांगी में उठानी पड़ रही है। किलाड़ में एक तो ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तीन फीट तक हिमपात होने से लोगों घरों के अंदर दुबकने को मजबूर हो गए हैं। बर्फबारी के कारण पांगी में वाहनों की आवाजाही भी काफी प्रभावित हुई है। लोगों का जिला मुख्यालय व शेष विश्व से संपर्क कट गया है।

बुधवार रात को जहां जिला के अन्य क्षेत्रों में बारिश हुई, वहीं ऊंचाई पर स्थित पांगी तथा भरमौर में बर्फबारी हुई। पांगी मुख्यालय में जहां एक फीट तक बर्फबारी दर्ज की गई, वहीं इससे घाटी के सबसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दो से तीन फीट तक बर्फबारी हुई है। पांगी घाटी के सुराल भटौरी में 60 सेंटीमीटर, चसक भटौरी में सौ, परमार भटौरी में 60 तथा हिलुटावन में 50 सेंटीमाटर तक बर्फबारी हुई। इसके अलावा सेचू, साच, पुरथी, शौर, लुज तथा धरवास सहित साथ लगते क्षेत्रों में करीब 20 से 30 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई। जिला चंबा के भरमौर में भी बुधवार रात को बारिश के बाद बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। भरमौर में करीब पांच से छह इंच तक बर्फबारी हुई है। इससे उक्त स्थानों पर शीतलहर बढ़ गई है। पांगी घाटी में अधिक बर्फबारी होने के कारण यहां पर यातायात भी बुरी तरह से प्रभावित हुआ है।

वीरवार को घाटी के अंदर वाहन नहीं चल पाए। ऐसे में यदि किसी व्यक्ति को जरूरी कार्य से किसी स्थान पर पहुंचना था तो उसे पैदल ही घर से निकलते हुए गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। हालांकि, वीरवार को धूप खिलने से घाटी के लोगों सहित भरमौर के लोगों ने भी राहत की सांस ली। इसके बावजूद उनकी दिक्कतें बरकरार हैं। यदि आगामी दिनों में भी मौसम का मिजाज बदलता है तो उक्त दोनों स्थानों पर जमकर बर्फबारी हो सकती है, जिससे यहां के लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। बहरहाल, वीरवार को मौसम अच्छा रहने से लोगों ने घरों की छतों से बर्फ को हटाने का कार्य किया। इसके अलावा घाटी में अन्य कार्य बुरी तरह से प्रभावित हुए।

chat bot
आपका साथी