साच पास मार्ग बंद, पांगी का संपर्क कटा

जनजातीय क्षेत्र पांगी में रविवार व सोमवार को मौसम बिगड़ने से तापमान में भारी गिरावट आई है। साच पास मार्ग बंद होने से पांगी का संपर्क कट गया है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 10:18 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 10:18 PM (IST)
साच पास मार्ग बंद, पांगी का संपर्क कटा
साच पास मार्ग बंद, पांगी का संपर्क कटा

जागरण टीम, पांगी/भरमौर : जनजातीय क्षेत्र पांगी में रविवार व सोमवार को मौसम बिगड़ने से तापमान में भारी गिरावट आई है। किलाड़ को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाले साच पास में हिमपात हुआ है। इस कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। साचपास में करीब सात इंच तक हिमपात हुआ है। इस कारण मार्ग पर वाहन नहीं गुजर सके। इससे पांगी से चंबा व चंबा से पांगी की ओर जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पांगी का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। मंगलवार को मौसम साफ रहा तो लोगों की समस्या कुछ हद तक समाधान हो सकता है। यदि हिमपात हुआ तो मार्ग पर सफर करने के लिए लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।

किलाड़-चंबा वाया साच पास बस सेवा 15 अक्टूबर तक चलती है। सितंबर में बर्फबारी होने पर लोक निर्माण विभाग मार्ग को बहाल कर देता है। 15 अक्टूबर के बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी जाती है। इस बार प्रशासन की ओर से यह बात कही जा रही थी कि मौसम साफ रहने पर बस सेवा जारी रह सकती है। बर्फबारी होने से मार्ग पर बस सेवा पूरी तरह ठप होती नजर आ रही है। पांगी घाटी के चस्क भटोरी में करीब तीन इंच हिमपात दर्ज किया गया है। इसके अलावा घाटी के सुराल भटोरी, हुंडान भटोरी व परमार भटोरी सहित मणिमहेश, कुगति, चौबिया, दरुण, बडग्रां, तुंदा, घटौर, क्वारसी, जालसू में रविवार दोपहर बाद हल्का हिमपात शुरू हो गया था, जो सोमवार तक जारी रहा। वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्रों में फसल व घास कटाई का कार्य जोर-शोर से चला हुआ है। बदलते मौसम से आने वाले समय में पशुपालकों की दिक्कत बढ़ सकती है।

-------

मौसम विभाग की ओर से सोमवार तक अलर्ट जारी किया गया था। ऐसे में लोगों को नदी व नालों की तरफ न जाने के लिए कहा गया था। अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि व्यवस्था बनाए रखें, ताकि लोगों को परेशानी न झेलनी पड़े।

-डीसी राणा, उपायुक्त चंबा

chat bot
आपका साथी