मिंधल माता से देवीकोठी सड़क का हो निर्माण

संवाद सहयोगी पांगी पांगी फ‌र्स्ट पंगवाल फ‌र्स्ट संस्था का एक प्रतिनिधिमंडल वीरवार को संस्था के

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Jul 2021 05:05 PM (IST) Updated:Thu, 22 Jul 2021 05:05 PM (IST)
मिंधल माता से देवीकोठी सड़क का हो निर्माण
मिंधल माता से देवीकोठी सड़क का हो निर्माण

संवाद सहयोगी, पांगी : पांगी फ‌र्स्ट पंगवाल फ‌र्स्ट संस्था का एक प्रतिनिधिमंडल वीरवार को संस्था के अध्यक्ष इंद्र प्रकाश की अगुवाई में मिधल माता से देवीकोठी सड़क निर्माण की मांग को लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता देवराज भाटिया से मिला। इस दौरान उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि पांगी घाटी को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला सबसे नजदीकी दर्रा चैंडी पास है। पुराने समय में भी घाटी के लोग इसी दर्रे को पार करके चंबा जाते थे। यह मार्ग देवी कोठी से मिधल के बीच है। इसकी दूरी करीब 40 किलोमीटर है।

चैंडी पास में गलेशियर गिरने के आसार भी कम रहते हैं। ऐसे में यदि चैंडी पास से जीप योग्य सड़क का निर्माण किया जाता है तो यह मार्ग पांगी को साल में करीब नौ माह तक जिला मुख्यालय से जोड़े रख सकता है। साथ ही पांगी के विकास को गति भी प्रदान कर सकता है। यही कारण है कि घाटी के लोग उक्त मार्ग का निर्माण करवाने की मांग कर रहे हैं। यदि उक्त मार्ग का निर्माण जल्द से जल्द करवाया जाता है तो इससे पांगी घाटी के पर्यटन को भी पंख लगेंगे। मार्ग के निर्माण के बाद घाटी में आने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा हो सकता है, जिससे यहां के लोगों के लिए स्वरोजगार के अवसर भी पैदा होंगे तथा लोग आर्थिक तौर पर संपन्न होंगे। संस्था के सदस्यों ने कहा कि वर्तमान समय में घाटी के लोगों को जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी मार्ग साच पास है, लेकिन, यह मार्ग वर्ष भर में महज चंद माह के लिए ही खुला रहता है। जैसे ही सर्दियों का मौसम आता है तो यहां बर्फबारी का दौर शुरू हो जाता है, जिससे मार्ग ठप पड़ जाता है। इसके बाद घाटी के लोगों को जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए करीब सात सौ किलोमीटर का सफर कर वाया जम्मू होते हुए जाना पड़ता है। इसलिए उक्त मार्ग का निर्माण जल्द से जल्द करवाया जाए। उधर, लोनिवि अधिशाषी अभियंता देवराज भाटिया ने कहा कि उन्हें सड़क की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया है। इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

chat bot
आपका साथी