स्वर्णिम विजय मशाल यात्रा का डलहौजी में स्वागत

1971 में भारत-पाकिस्तान युद्ध में भारत की ऐतिहासिक जीत के 50 स्वर्णिम वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 16 दिसंबर 2020 से राष्ट्रीय युद्ध स्मारक नई दिल्ली से शुरू हुई स्वर्णिम विजय मशाल यात्रा शनिवार को डलहौजी कैंट में पहुंची।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 06:20 PM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 06:20 PM (IST)
स्वर्णिम विजय मशाल यात्रा का डलहौजी में स्वागत
स्वर्णिम विजय मशाल यात्रा का डलहौजी में स्वागत

संवाद सहयोगी, डलहौजी : 1971 में भारत-पाकिस्तान युद्ध में भारत की ऐतिहासिक जीत के 50 स्वर्णिम वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 16 दिसंबर 2020 से राष्ट्रीय युद्ध स्मारक नई दिल्ली से शुरू हुई स्वर्णिम विजय मशाल यात्रा शनिवार को डलहौजी कैंट में पहुंची।

स्वर्णिम विजय मशाल यात्रा के यहां पहुंचने पर आर्मी बैंड की धुनों के साथ सैन्य अधिकारियों व प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न स्कूलों के बच्चों, स्थानीय लोगों द्वारा स्वागत किया गया। कमांडिग आफिसर कर्नल विवेक चटर्जी, प्रथम बटालियन द जम्मू एंड कश्मीर राइफल्स रघु प्रताप व 1971 के वार वेटरनस ने मशाल को प्राप्त किया। स्वर्णिम विजय मशाल के डलहौजी कैंट के आर्मी ग्राउंड में पहुंचने पर यहां मौजूद लोगों ने भी मशाल का स्वागत किया। वहीं भारत-पाकिस्तान युद्ध के नायकों के सर्वोच्च बलिदान के सम्मान में शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की गई।

डलहौजी के विभिन्न स्कूलों के एनसीसी कैडेट्स व अन्य बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किया। डलहौजी कैंट में स्थित सैन्य आडिटोरियम में विभिन्न स्कूलों के बच्चों और एनसीसी कैडेटों के लिए आयोजित करवाई गई अंतर स्कूल चित्रकला, वाद-विवाद और प्रश्नोतरी प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में सेना और वायु सेना के जवानों और उनके स्वजन, पूर्व सैनिकों व वीर नारियों व 1971 के युद्ध में शामिल रहे सैनिकों को भी सम्मानित किया गया। मालूम हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 दिसंबर 2020 को राष्ट्रीय युद्ध स्मारक नई दिल्ली से वर्ष 1971 के युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की ऐतिहासिक जीत के स्वर्णिम 50 वर्ष के उत्सव पर स्वर्णिम विजय मशाल को जलाकर रवाना किया था। तब से स्वर्णिम विजय मशाल देशभर में भ्रमण कर रही है। समारोह में उपायुक्त चंबा डीसी राणा, पुलिस अधीक्षक एस अरुल कुमार व एसडीएम डलहौजी जगन ठाकुर समेत अन्य मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी