तेलका में उखाड़े भांग के पौधे, झाड़ियां भी काटी
नेहरू युवा केंद्र ब्लाक सलूणी के स्वयंसेवी सुरेंद्र कुमार ने युवक मंडल
संवाद सहयोगी, तेलका : नेहरू युवा केंद्र ब्लाक सलूणी के स्वयंसेवी सुरेंद्र कुमार ने युवक मंडल तेलका के साथ स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान स्वयंसेवी व युवक मंडल के सदस्यों ने पुस्तकालय के आसपास उगे भांग के पौधे उखाड़े व कंटीली झाड़ियां साफ की। साथ ही लोगों को स्वच्छता का संदेश भी दिया।
सुरेंद्र कुमार ने कहा कि जिस तरह घरों में साफ-सफाई रखते हैं उसी तरह आसपास के क्षेत्र को भी स्वच्छ रखना सबकी जिम्मेदारी है। ऐसा करने से लोग स्वस्थ रहेंगे और पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा। अकसर देखा जाता है कि कई लोग प्लास्टिक को खुले में फेंक देते हैं। इससे गंदगी फैलती है और बीमारियों का भी खतरा बढ़ जाता है। इसलिए लोगों को प्लास्टिक को कूड़ेदान में फेंकना चाहिए या उचित निपटारा करना चाहिए ताकि गंदगी न फैल सके। लगातार स्वच्छता अभियान इसलिए चलाए जाते हैं ताकि लोगों का ध्यान इस ओर आकर्षित हो और वे अपने क्षेत्र को स्वच्छ व सुंदर रख सकें। यदि लोग स्वच्छता रखेंगे तो उन्हें इसका लाभ मिलेगा।
स्थानीय लोगों विशाल चौहान, संतोष कुमार व प्रवीन ने कहा कि नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवी ने सराहनीय कार्य किया है। इससे पहले यहां सांप व अन्य जहरीले जीवों का खतरा रहता था। नेहरू युवा केंद्र व युवक मंडल के सदस्यों की ओर से झाड़ियों को साफ करने से खतरा कम हो गया है।