अवैध डंपिंग पर दो कंपनियों को नोटिस

जिला चंबा के होली क्षेत्र में जल विद्युत परियोजना के निर्माण कार्य में जुटी दो नामी कंपनियों को अवैध डंपिग करना महंगा पड़ गया है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 07 Jul 2021 05:46 PM (IST) Updated:Wed, 07 Jul 2021 05:46 PM (IST)
अवैध डंपिंग पर दो कंपनियों को नोटिस
अवैध डंपिंग पर दो कंपनियों को नोटिस

संवाद सहयोगी, चंबा : जिला चंबा के होली क्षेत्र में जल विद्युत परियोजना के निर्माण कार्य में जुटी दो नामी कंपनियों को अवैध डंपिग करना महंगा पड़ गया है। अवैध डंपिंग को लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बजोली-होली व कुठेड़ जल विद्युत परियोजना के निर्माण कार्य में जुटी दो कंपनियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस जारी कर इन कंपनियों से सात दिन के भीतर जवाब मांगा है। साथ ही मलबे को चिह्नित स्थानों पर डंप के आदेश भी दिए हैं। आदेश की अवहेलना पर कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी किए गए कारण बताओ नोटिस के बाद कंपनियों में हड़कंप मच गया है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वरिष्ठ पर्यावरण अभियंता आरके नड्डा ने औचक निरीक्षण कर यह खामियां पाई। नड्डा होली क्षेत्र में पर्यावरण सुरक्षा के मद्देनजर व्यवस्था की जांच करने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने जब कंपनियों की ओर से की गई अवैध डंपिग को देखा तो हैरान रह गए। त्वरित कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी कर दिए। कंपनियों द्वारा कई स्थानों पर अवैध डंपिग किए जाने से पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। वहीं नियमों की भी जमकर अवहेलना की जा रही है। ऐसे में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने अपने तेवर कड़े कर लिए हैं।

मालूम हो कि होली क्षेत्र में वर्तमान समय में उक्त दो पावर प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य चल रहा है। कुठेड़ हाइड्रो प्रोजेक्ट जो 240 मेगावाट का है, वहीं बजोली-होली पावर प्रोजेक्ट करीब 180 मेगावाट का है। बहरहाल, अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अब कंपनियों क्या जवाब देती हैं तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से इन पर क्या कार्रवाई की जाती है। वहीं न्याग्रां-बजोल व न्याग्रां-गरोडा मार्ग पर भी अनाधिकृत मिट्टी पाई गई। इसके लिए लोक निर्माण विभाग को भी आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए हैं।

-------

बजोली-होली व कुठेड़ हाइड्रो प्रोजेक्ट के निर्माण में जुटी कंपनियों की ओर से अवैध डंपिग करने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस के माध्यम से उनसे जवाब मांगा गया है। जवाब आने के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके साथ ही कंपनियों को भविष्य में अवैध डंपिंग न करने के आदेश भी दिए गए हैं।

-आरके नड्डा, वरिष्ठ पर्यावरण अभियंता प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड।

chat bot
आपका साथी