डलहौजी को रेललाइन से जोड़ने की पैरवी

संवाद सहयोगी चंबा कांगड़ा-चंबा के सांसद किशन कपूर ने रेल मंत्रालय से चंबा जिले के ऐतिह

By JagranEdited By: Publish:Fri, 26 Nov 2021 05:51 PM (IST) Updated:Fri, 26 Nov 2021 05:51 PM (IST)
डलहौजी को रेललाइन से जोड़ने की पैरवी
डलहौजी को रेललाइन से जोड़ने की पैरवी

संवाद सहयोगी, चंबा : कांगड़ा-चंबा के सांसद किशन कपूर ने रेल मंत्रालय से चंबा जिले के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध पर्यटन नगर डलहौजी को रेलमार्ग से जोड़ने के प्रस्ताव पर विचार करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि पठानकोट से डलहौजी की दूरी मात्र 81 किलोमीटर है। इस शहर को रेल मार्ग से जोड़ने से हिमाचल प्रदेश का आकांक्षी जिला चंबा भी रेलमार्ग से जुड़ जाएगा।

डलहौजी को रेलमार्ग से जोड़ने के संबंध में रेलमंत्री को पत्र लिखा गया है। साथ ही कपूर आगामी संसद-सत्र में भी यह मामला उठाएंगे। चंडीगढ़ में रेलवे के फिरोजपुर मंडल की ओर से आयोजित बैठक में सांसद किशन कपूर ने कहा कि फिरोजपुर मंडल के अंतर्गत पठानकोट-जोगिद्रनगर रेललाइन के रखरखाव और संचालन का दायित्व है, लेकिन यह रेल मार्ग सदैव ही उपेक्षित रहा है।

अंग्रेजों की ओर से 1927 में निर्मित यह रेल लाइन करीब 100 वर्षो में एक इंच भी इधर से उधर नहीं हुई है। पठानकोट-जोगेंद्रनगर रेललाइन पर पहले सात ट्रेनें चलती थीं, जिनमें से केवल चार ट्रेनें ही पुन: चलाई गई हैं, जबकि शेष तीन ट्रेनों को प्रारंभ नहीं किया गया है। इस रेललाइन पर कुछ रेलवे फाटक ऐसे हैं, जहां फाटक बंद होने के कारण सदैव यातायात बाधित रहता है। चक्की बैंक और इंदौरा के समीप मोहटली रैंप रेलवे फाटक इसके जीवंत उदाहरण हैं। मोहटली रैंप रेलवे फाटक पर दोहरा रेल मार्ग होने के कारण ट्रेनों की अधिक आवाजाही रहती है, जिसके कारण यातायात बाधित होता है। उन्होंने मोहटली रैंप रेलवे फाटक पर अंडर ग्राउंड पुल बनाने का भी फिरोजपुर मंडल से अनुरोध किया। सांसद ने कहा कि चंबा और कांगड़ा जिले में सैनिक परिवारों का बाहुल्य है। इन परिवारों के सदस्य सेना में कार्यरत अपने सगे-संबंधियों से मिलने के लिए रेल-सेवाओं का उपयोग करते हैं। इन परिवारों की सुविधा के लिए चंबा और ज्वालामुखी में रेल टिकट आरक्षण काउंटर खोलने की भी फिरोजपुर मंडल की ओर से मंत्रालय को संतुति की जानी चाहिए। पठानकोट-जोगिद्रनगर रेललाइन पर चलने वाली ट्रेनों के डिब्बों को आरामदायक बनाने का भी रेल मंत्रालय को प्रयास करना चाहिए। सांसद ने कहा कि फिरोजपुर रेलवे मंडल के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही पठानकोट- जोगेंद्रनगर रेललाइन पर शेष ट्रेनें भी शीघ्र चालू कर दी जाएंगी।

chat bot
आपका साथी