बारिश व हिमपात से पटरी से उतरा जनजीवन

जिला चंबा की पांगी घाटी में बुधवार सुबह बर्फबारी होने से जनजीवन प्रभावित हो गया है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 21 Apr 2021 06:41 PM (IST) Updated:Wed, 21 Apr 2021 06:41 PM (IST)
बारिश व हिमपात से पटरी से उतरा जनजीवन
बारिश व हिमपात से पटरी से उतरा जनजीवन

जागरण टीम, चंबा/पांगी/भरमौर : जिला चंबा की पांगी घाटी में बुधवार सुबह बर्फबारी होने से जनजीवन प्रभावित हो गया है। पांगी घाटी मुख्यालय किलाड में जहां आठ इंच तक बर्फबारी हुई है, वहीं उपरी क्षेत्रों में 20 से 25 इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई है। इसके अलावा जिला चंबा के उपमंडल सलूणी तथा तीसा की पहाड़ियों पर भी बर्फबारी हुई है। पांगी में अप्रैल में अधिक बर्फबारी होने के चलते इसका संपर्क पूरी तरह से शेष विश्व से कट गया है।

बुधवार को बर्फबारी के बीच हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें न चलने के कारण लोगों को निजी वाहनों से घरों का रुख करना पड़ा। लोक निर्माण विभाग की ओर से पांगी को जिला मुख्यालय चंबा से जोड़ने वाले साच पास दर्रे को खोलने का कार्य भी रुक गया है। हालांकि इस साल विभाग ने मई के प्रथम सप्ताह में साचपास को खोलने का लक्ष्य रखा था। साचपास में करीब तीन फीट तक हिमपात होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

उधर उपमंडल अधिकारी पांगी विश्रुत भारती ने बताया पांगी में बर्फबारी से किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है। बिजली तथा पानी की व्यवस्था ठीक से चल रही है। घाटी में बर्फबारी होने के कारण भूस्खलन का खतरा बना रहता है, इसलिए लोग मौसम को देखकर ही घरों से बाहर निकलें।

वहीं अड्डा प्रभारी हिमाचल परिवहन निगम पांगी संजय शर्मा ने बताया मंगलवार को चलौली और सुराल रूट पर भेजी बसें वहीं फंसी हुई हैं। बुधवार को लुज हुंडान और कुल्लू रूट पर बसें भेजी थीं, वे वापस किलाड़ आ गई हैं। कुल्लू के लिए जो बस भेजी थी, वे भी पुरथी तक ही गई। उससे आगे मार्ग खराब था। बुधवार शाम को कोई भी बस निर्धारित रूट पर नहीं भेजी गई। मौसम साफ होने के बाद सड़कों की हालत को देखते हुए लोकल रूट चालू किए जाएंगे।

-----

पांगी में कहां कितनी बर्फबारी

पांगी मुख्यालय किलाड़ में आठ इंच ताजा हिमपात हो चुका है। चस्क भटोरी तथा मुर्छ में 25 इंच, चसक, शून, उदीन, हिललुटवां, सैचुनाला, मोझी ,मिचम, हिलोर, घिसल, कुठल, चलौली, कुठाह में आठ से दस इंच, सुराल भटोरी, सुराल ताई, हुंडान, टुंडरू, कवास, सेरिभटवास, परमरभटोरी, कुमार परमार में 12 से 15 इंच तक हिमपात, पांगी के चिनाब नदी के साथ लगने वाले क्षेत्रों लुज, धरवास, करेल, फिदरू, साच, मिधल, पुरथी, शौर में तीन से चार इंच बर्फबारी हुई है। बुधवार को घाटी में लगातार बर्फबारी का दौर जारी रहा।

-------

भरमौर में भी बर्फबारी ने बढ़ाई दिक्कतें

जिला चंबा के उपमंडल भरमौर में भी बारिश व बर्फबारी ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। उपमंडल भरमौर के भरमाणी, मलकौता, कुगति, सुपा तथा खुंड सहित उपरी क्षेत्रों में करीब एक से डेढ़ इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई है। जबकि भरमौर मुख्यालय में भी कुछ देर तक फाहे गिरने का क्रम जारी रहा। हालांकि यहां पर बर्फ जमीन पर नहीं टिकी। इसके अलावा जिला के सलूणी व तीसा की उपरी पहाड़ियों पर भी बर्फबारी हुई है।

chat bot
आपका साथी