60 साल से परिवार लिख रहा विजयगाथा

डलहौजी विधानसभा हलके में एक परिवार ऐसा है जो 60 वर्ष से पंचायती र

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Jan 2021 07:44 PM (IST) Updated:Fri, 22 Jan 2021 07:44 PM (IST)
60 साल से परिवार लिख रहा विजयगाथा
60 साल से परिवार लिख रहा विजयगाथा

संवाद सहयोगी, डलहौजी : डलहौजी विधानसभा हलके में एक परिवार ऐसा है जो 60 वर्ष से पंचायती राज चुनाव में विजय गाथा लिख रहा है। यह है जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं विधायक आशा कुमारी के मुख्य सिपहसालारों में से एक कमल ठाकुर का परिवार।

कमल ठाकुर स्वयं व उनके परिवार के सदस्य छह दशक से पंचायती राज चुनाव जीतते आए हैं। 1960 से अब तक एक भी पंचायती राज चुनाव ऐसा नहीं है जिसमें कमल ठाकुर या उनके परिवार के सदस्य निर्वाचित न हुए हों। शुक्रवार को ब्रंगाल पंचायत से कमल ठाकुर की पत्नी मीना ठाकुर, जो बीडीसी सलूणी की चेयरपर्सन भी रह चुकी हैं, ने प्रधान पद पर 323 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

कमल ठाकुर के पिता स्व. पुरुषोत्तम ठाकुर वर्ष 1960 से लेकर 1995 तक लगातार सात मर्तबा भलेई पंचायत के प्रधान रहे थे। उस समय भलेई व ब्रंगाल एक ही पंचायत हुआ करती थी। वर्ष 1985 में कमल ठाकुर ने भी राजनीतिक सफर की शुरुआत में पंचायत समिति सदस्य का चुनाव जीता। वह वर्ष 1985 से 2000 तक लगातार तीन मर्तबा बीडीसी सदस्य रहे। वर्ष 1995 के पंचायती राज चुनाव में भलेई से अलग बनी ब्रंगाल पंचायत में कमल ठाकुर की पत्नी मीना ठाकुर पहली मर्तबा प्रधान बनी। वर्ष 2000 में कमल ठाकुर ने ब्रंगाल पंचायत का प्रधान पद संभाला, जबकि उनकी पत्नी वर्ष 2000 में बीडीसी सदस्य निर्वाचित होकर सलूणी की वाइस चेयरपर्सन बनीं। वर्ष 2005 में ब्रंगाल पंचायत का प्रधान पद आरक्षित हो जाने के चलते मीना ठाकुर ने फिर से पंचायत समिति सदस्य पद का चुनाव जीता और बीडीसी सलूणी की चेयरपर्सन चुनी गईं।

वर्ष 2010 में ब्रंगाल पंचायत का प्रधान पद अनारक्षित होने पर कमल ठाकुर फिर से ब्रंगाल पंचायत के प्रधान बने। वर्ष 2015 में फिर से ब्रंगाल पंचायत का प्रधान पद आरक्षित हो जाने पर कमल ठाकुर ने पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ा और जीतने के बाद वाइस चेयरमैन बने। वह साल 2019 तक इस पद पर रहे।

वहीं, अब 2021 के पंचायती राज चुनाव में कमल ठाकुर की पत्नी मीना ठाकुर ने फिर से ब्रंगाल पंचायत का प्रधान पद संभाला है। उन्होंने ब्रंगाल व भलेई पंचायतों की जनता का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि वह पहले की ही तरह पंचायत के लोगों की सेवा में जुटे रहेंगे।

chat bot
आपका साथी