सेवानिवृत्त अफसरों के तजुर्बे से आसान होगी जांच

सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी व कर्मचारी पुलिस की जांच व लोगों के बीच बेहतर तालमेल बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 27 Oct 2021 09:01 PM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 09:01 PM (IST)
सेवानिवृत्त अफसरों के तजुर्बे से आसान होगी जांच
सेवानिवृत्त अफसरों के तजुर्बे से आसान होगी जांच

जागरण संवाददाता, चंबा : सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी व कर्मचारी पुलिस की जांच व लोगों के बीच बेहतर तालमेल बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। यह बात एसपी एस अरुल कुमार ने बुधवार को पुलिस कल्याण सप्ताह के तहत पुलिसलाइन चंबा में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि वर्ष में तीन-चार बार सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि उनकी समस्याओं का निपटारा हो सके। सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी व कर्मचारी विभाग का अहम अंग हैं। उनके तजुर्बे का फायदा पुलिस की जांच में हो सकता है। भले ही समय के साथ जांच की सुविधाओं में इजाफा हुआ है, लेकिन पुरानी प्रक्रिया को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। इसके लिए पुलिस संबंधित क्षेत्रों के सेवानिवृत्त अधिकारियों व कर्मचारियों का सहयोग ले सकती है।

थानों में सेवानिवृत्त अधिकारियों व कर्मियों से नहीं किया जाता सही बर्ताव

सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने एसपी को बताया कि थानों में उनके साथ सही बर्ताव नहीं किया जाता है। पुलिसकर्मी उन्हें महत्व नहीं देते हैं। एसपी ने कमियों को दूर करने का आश्वासन दिया। उन्होंने सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और जिले में कानून व्यवस्था में सुधार के लिए उनके सुझाव भी लिए।

लोगों की सुरक्षा व सुविधा के लिए पुलिस तत्पर

एसपी ने कहा कि 21 से 27 अक्टूबर तक पुलिस कल्याण सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई हैं। लोगों की सुरक्षा व सुविधा के लिए पुलिस हमेशा तत्पर है। नशे की तस्करी व बिक्री करने वालों के विरुद्ध पुलिस का अभियान जारी है। यदि किसी व्यक्ति को नशे की बिक्री या तस्करी करने वालों की सूचना हो तो वह तुरंत पुलिस से साझा करे। लोगों को पुलिस से डरने की आवश्यक्ता नहीं है। पुलिसकर्मी जनसेवा के लिए दिन-रात जुटे हैं। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार धीमान भी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी