साहब, महिला प्रधानों के पति कर रहे दखलअंदाजी

विकास खंड भटियात के उपप्रधान संघ ने खंड विकास अधिकारी भटियात बशीर खान के माध्यम से उपायुक्त डीसी राणा को अपनी समस्याओं व मांगों से संबंधित ज्ञापन भेजा है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 29 Jul 2021 07:00 PM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 07:00 PM (IST)
साहब, महिला प्रधानों के पति कर रहे दखलअंदाजी
साहब, महिला प्रधानों के पति कर रहे दखलअंदाजी

जागरण टीम, डलहौजी/सिहुंता : विकास खंड भटियात के उपप्रधान संघ ने खंड विकास अधिकारी भटियात बशीर खान के माध्यम से उपायुक्त डीसी राणा को अपनी समस्याओं व मांगों से संबंधित ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में कहा है कि अधिकांश महिला प्रधानों के पति पंचायत के कामों में दखलअंदाजी कर रहे हैं।

संघ के प्रधान कैप्टन जैसीराम ने कहा कि भटियात विकास खंड की कुछ पंचायतों में महिला प्रधानों के पति पंचायत कार्यो में बेवजह दखलंदाजी कर रहे हैं। विकास खंड भटियात की पंचायतों में ज्यादातर महिला प्रधान हैं। संघ महिलाओं के प्रति पूरे सम्मान की भावना रखता है और उपप्रधान पंचायतों के विकास के लिए महिला प्रधानों के साथ कार्य करने के लिए वचनबद्ध हैं परंतु कुछ पंचायतों में महिला प्रधानों के पति पंचायत कार्यो में दखलंदाजी करते हैं अपनी मनमानी करते हैं जिससे पंचायत के अन्य जनप्रतिनिधियों में तनाव की स्थिति रहती है तथा हर कार्य में विवाद रहता है। महिला प्रधानों के पति की दखलअंदाजी से पंचायत में विकास कार्यो पर भी असर पड़ रहा है।

संघ सदस्यों ने कहा कि कुछ पंचायतों में तो विवाद इतना बढ़ गया है कि मामला न्यायालय तक पहुंच गया है। संघ सदस्यों ने कहा कि सरकार द्वारा नारी सशक्तीकरण के मद्देनजर पंचायतीराज में 50 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को दिया गया है ताकि महिलाओं को भी नेतृत्व करने का समान मौका मिले परंतु महिला प्रधानों की जगह उनके अधिकारों का प्रयोग उनके पति द्वारा किए जाने से महिला सशक्तीकरण का नारा भी बेमानी साबित हो रहा है। संघ सदस्यों ने आरोप जड़ा कि कई विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी किसी भी कार्य के लिए सीधे पंचायत महिला प्रधानों के पति से संवाद करते हैं जोकि बहुत गलत है और संघ इस बात की निदा करता है।

संघ सदस्यों ने बीडीओ के माध्यम से उपायुक्त से पंचायतों में महिला प्रधानों के पति की दखलअंदाजी पर नकेल कसने की मांग की है। इस मौके पर संघ के सचिव नरोत्तम सिंह, उपप्रधान शिव कुमार, मीडिया प्रभारी अरुण कुमार, कोषाध्यक्ष विशाल टंडन मुख्य सलाहकार शमशेर राणा, ज्ञान चंद रैणा व सलाहकार मदन सिंह सहित लक्ष्मण सिंह, मलकीत सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी