पांगी में हिमपात, साचपास बंद

जिला चंबा के जनजातीय क्षेत्र पांगी में बुधवार देर शाम मौसम बिगड़ने से तापमान में गिरावट आ गई जिस कारण ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 07:27 PM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 07:27 PM (IST)
पांगी में हिमपात, साचपास बंद
पांगी में हिमपात, साचपास बंद

संवाद सहयोगी, पांगी : जिला चंबा के जनजातीय क्षेत्र पांगी में बुधवार देर शाम मौसम बिगड़ने से तापमान में गिरावट आ गई जिस कारण ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ। पांगी मुख्यालय किलाड़ को जिला मुख्यालय चंबा के साथ जोड़ने वाले साचपास में भी हिमपात हुआ, जिस कारण उक्त मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है।

इस कारण पांगी घाटी की ओर से चंबा व चंबा से पांगी की ओर जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यदि शुक्रवार को मौसम साफ रहता है तो लोगों को बस सेवा मिल सकती है। इसके विपरीत यदि मौसम खराब रहता है तथा बर्फबारी होती है तो मार्ग पर सफर करने के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ सकता है। किलाड़-चंबा वाया साच पास बस सेवा सरकारी तौर पर 15 अक्टूबर तक चलती है। सितंबर में बर्फबारी तो होती है लेकिन लोक निर्माण विभाग की ओर से मार्ग को बहाल कर दिया जाता है जबकि 15 अक्टूबर के बाद उक्त मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी जाती है।

-------

बारिश लाभदायक, बर्फबारी हो सकती है नुकसानदेह

एक ओर लोग बारिश को बिजाई के लिए लाभदायक मान रहे हैं, वहीं यदि पांगी घाटी में भारी बर्फबारी का दौर आगामी कुछ दिन में शुरू होता है तो फसलों, बागवानी और कृषि के लिए नुकसानदेह हो सकता है। वर्तमान समय में पांगी में सेब के बगीचे तैयार हो गए हैं। सेब तोड़ने का कार्य अक्टूबर में किया जाता है। सेब के साथ आलू, मक्की, भंगड़ी और फूलण की फसल भी किसानों द्वारा निकाली जाएगी। पांगी में सितंबर में होने वाली बर्फबारी के कारण कई बार किसानों व बागवानों को नुकसान उठाना पड़ता है। बुजुर्गो का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में लोगों का जीवन कठिन परिस्थितियों से जुड़ा रहता है। 15 सितंबर के बाद पांगी में किसी समय भी बर्फबारी होती है और अप्रैल में तापमान में बदलाव आता है, जिसके कारण लोग छह माह के राशन के साथ मवेशियों के लिए चारा इकट्ठा कर लेते हैं।

--------

चंबा-किलाड़ वाया साच पास बस वीरवार को नहीं भेजी गई है। मौसम खराब होने के कारण साच पास में हल्का हिमपात भी हुआ है। किलाड़-चंबा बस सेवा सरकारी तौर पर 15 अक्टूबर चलती है। मौसम को ध्यान में रखकर ही बस सेवा दी जाती है।

-संजय कुमार शर्मा, अड्डा प्रभारी पांगी।

chat bot
आपका साथी