शहर से गांधी गेट के समीप शिफ्ट होंगे रेहड़ी फड़ी वाले

संवाद सहयोगी चंबा शहर जल्द रेहड़ी-फड़ी से मुक्त होने जा रहा है। इस दिशा में सदर के

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 08:20 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 08:20 PM (IST)
शहर से गांधी गेट के समीप शिफ्ट होंगे रेहड़ी फड़ी वाले
शहर से गांधी गेट के समीप शिफ्ट होंगे रेहड़ी फड़ी वाले

संवाद सहयोगी, चंबा : शहर जल्द रेहड़ी-फड़ी से मुक्त होने जा रहा है। इस दिशा में सदर के विधायक, नगर परिषद व प्रशासन की ओर से प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इसी कड़ी में सदर के विधायक पवन नैयर ने लोक निर्माण विभाग व प्रशासन के साथ मिलकर वेंडिंग जोन के लिए गांधी गेट के समीप कसाकड़ा की ओर चिन्हित स्थल का सोमवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण करने के उपरांत प्रशासन व विभाग को उक्त कार्य को जल्द से जल्द शुरू करवाने के निर्देश दिए। यहां पर करीब ढाई सौ दुकानों का निर्माण करवाया जाना तय है, जिनमें से करीब 110 दुकानों का प्रथम चरण में निर्माण किया जाएगा, जबकि, जरूरत पड़ने पर दूसरे चरण में भी दुकानों का निर्माण करवाया जाएगा। इसके अस्तित्व में आते ही यहां रेहड़ी फड़ीधारक दुकानदारी कर सकेंगे।

वेंडिग जोन निर्माण के लिए करीब तीन करोड़ 22 लाख 77 हजार रुपये स्वीकृत हो चुके हैं तथा टेंडर भी अवार्ड कर दिया गया है। जल्द ही औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दुकानों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। वर्तमान में चंबा में करीब 96 रेहड़ी-फड़ीधारक पंजीकृत हैं। इसके अलावा भी कई रेहड़ियां यहां लगती हैं। इनकी संख्या करीब 150 के करीब हैं। रेहड़ी-फड़ी धारकों को निश्शुल्क मिलेंगी दुकानें

वेंडिग जोन में बनने वाली दुकानें रेहड़ी-फड़ी धारकों को निश्शुल्क मुहैया करवाई जाएंगी। यह पहली बार होगा, जब रेहड़ी-फड़ी धारकों को दुकानों का आवंटन निश्शुल्क किया जाएगा। यहां पर दुकानें लगने के बाद लोगों को पूरे चंबा बाजार का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। वहीं, अतिक्रमण से भी निजात मिलने से वाहनों को गुजरने में आसानी होगी।

वर्तमान समय में यह है स्थिति

चंबा शहर में वर्तमान समय में रेहड़ियां पुराने बस अड्डे से लगना शुरू हो जाती हैं तथा लगभग पूरे बाजार में जगह-जगह रेहड़ीधारक दुकानदारी करते देखे जा सकता हैं। रेहड़ी फड़ीधारकों की वजह से बाजार में अकसर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे वाहन चालकों को ही नहीं रेहड़ी-फड़ीधारकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

मैंने लोनिवि व प्रशासन के साथ मिलकर सोमवार को वेंडिग जोन में बनने वाली दुकानों के लिए निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के दिशा-निर्देशों में यह पहली बार हो रहा है कि रेहड़ी-फड़ीधारकों को निश्शुल्क दुकानें उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उक्त कार्य का टेंडर अवार्ड हो चुका है। शेष औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के लिए संबंधित विभाग व प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं, ताकि जल्द से जल्द दुकानों का निर्माण करवाया जा सके।

पवन नैयर, विधायक सदर चंबा।

chat bot
आपका साथी