22 घंटे बाद बहाल हुआ चंबा-होली मार्ग

चंबा-होली मार्ग रविवार को करीब तीन बजे वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हुआ।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 30 Nov 2020 06:39 AM (IST) Updated:Mon, 30 Nov 2020 06:39 AM (IST)
22 घंटे बाद बहाल हुआ चंबा-होली मार्ग
22 घंटे बाद बहाल हुआ चंबा-होली मार्ग

संवाद सहयोगी, होली : चंबा-होली मार्ग रविवार को करीब तीन बजे वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हुआ। मार्ग बहाल होने से वाहन चालकों सहित सवारियों ने राहत की सांस ली। उक्त मार्ग शनिवार को खड़ामुख में भूस्खलन के कारण करीब सवा पांच बजे बंद हो गया था। इसे करीब 22 घंटे के बाद रविवार दोपहर तीन बजे बहाल किया सका।

मार्ग बंद होने से होली से चामुंडा व होली से फटाहर के लिए जाने वाली बसें फंस गई थीं। इसके साथ ही छोटे-बड़े वाहन भी फंसे रहे। ऐसे में विभिन्न स्थानों से होली की ओर जाने वाले लोगों काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। लोगों को वाहनों की अदला-बदली कर मंजिल तक पहुंचना पड़ा।

गनीमत रही कि भूस्खलन के दौरान कोई भी वाहन चालक या राहगीर नीचे से नहीं गुजर रहा था। मार्ग बंद होने पर वाहन चालकों सहित राहगीरों ने लोक निर्माण विभाग को सूचित किया व विभाग के कर्मचारी मशीनरी के साथ मलबे को हटाने में जुट गए लेकिन बड़ी-बड़ी चट्टानें व काफी अधिक मात्रा में मलबा होने के कारण मार्ग पर आवाजाही को तुरंत बहाल नहीं किया जा सका था।

रविवार सुबह फिर से मार्ग को बहाल करने के लिए कार्य शुरू किया गया लेकिन काफी अधिक चट्टानों के साथ मलबा गिरा होने के कारण मार्ग को बहाल करने में लोक निर्माण विभाग को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

चंबा-होली मार्ग पर शुक्रवार सुबह भी गरोला के समीप भारी भूस्खलन हो गया था, जिस कारण मार्ग पर पूरा दिन वाहनों की आवाजाही बाधित रही थी। ऐसे में दूध, ब्रेड सहित सब्जियों की सप्लाई सही समय पर नहीं हो पाई थी। वहीं लोगों को भी अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था।

-------

शनिवार शाम को खड़ामुख के पास बड़ी चट्टानें गिरने के कारण मार्ग पर यातायात बाधित हो गया था, जिसे बहाल करवाने के लिए विभाग द्वारा मशीनरी व टीम को मौके पर भेजा गया था। मलबा व चट्टानें अधिक होने के कारण उसे जल्द बहाल नहीं करवाया जा सका। रविवार को करीब तीन बजे मार्ग को बहाल किया गया।

-जालम सिंह शर्मा, कनिष्ठ अभियंता, लोक निर्माण विभाग गरोला।

chat bot
आपका साथी