पांगी के करियास में बोलेरो खाई में गिरी; एक की मौत, छह घायल

संवाद सहयोगी पांगी जिला चंबा की पांगी घाटी स्थित किलाड़-टटन माता मार्ग पर एक बोलेरो

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 09:41 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 09:41 PM (IST)
पांगी के करियास में बोलेरो खाई में गिरी; एक की मौत, छह घायल
पांगी के करियास में बोलेरो खाई में गिरी; एक की मौत, छह घायल

संवाद सहयोगी, पांगी : जिला चंबा की पांगी घाटी स्थित किलाड़-टटन माता मार्ग पर एक बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में वाहन में सवार 26 वर्षीय सुरेंद्र कुमार पुत्र बलदेव निवासी गांव टटन ग्राम पंचायत करियास की मौत हो गई। इसके अलावा छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें 19 वर्षीय मनोज कुमार पुत्र सतपाल, 18 वर्षीय सुरेश कुमार पुत्र प्रेम राज, 20 वर्षीय जितेंद्र कुमार पुत्र जनम सिंह, 19 वर्षीय रोहित कुमार पुत्र देवराज, 20 वर्षीय रमेश कुमार पुत्र ध्यान सिंह सभी निवासी टटन ग्राम पंचायत करियास और 19 वर्षीय चालक साहिल कुमार पुत्र अनिल कुमार निवासी गांव एवं पंचायत करेल शामिल हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों व पुलिस कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को नाले से निकाला। सभी को उपचार के लिए किलाड़ अस्पताल में लाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार वीरवार शाम को बोलेरो (एचपी-01के-4473) करियास से किलाड़ की ओर आ रही थी। इसमें चालक सहित कुल सात लोग सवार थे। इस दौरान जब वाहन करियास पंचायत के घंघीत और गुस्ती के मध्य पहुंचा तो चालक उस पर से नियंत्रित खो बैठा। ऐसे में वाहन लुढ़ककर करीब सौ फीट गहरी खाई में जा गिरा। उसके खाई में गिरने के कारण जोरदार आवाज हुई, जिसे सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। जब लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि बोलेरो जीप काफी गहरी खाई में जा गिरी थी। ऐसे में उन्होंने पुलिस के साथ 108 नंबर एंबुलेंस को भी सूचित किया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना किलाड़ से पुलिस की एक टीम घटनास्थल की ओर रवाना हुई। इससे पहले स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर बचाव कार्य शुरू कर दिया था। कुछ समय बाद पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई तथा बचाव कार्य तेज किया गया। खाई गहरी होने के कारण गाड़ी के साथ गिरे लोगों को तुरंत सड़क तक नहीं पहुंचाया जा सके। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से किलाड़ अस्पताल पहुंचाया। वहां पर एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अन्यों का उपचार किया जा रहा था।

हादसे के कारणों की जांच जारी : चौहान

थाना प्रभारी नितिन चौहान ने दुर्घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, तहसीलदार प्रवीण शर्मा ने बताया कि घायलों को पांच-पांच हजार की फौरी राहत प्रदान की गई है। मृतक के स्वजन को भी उचित राहत राशि प्रदान की जाएगी।

chat bot
आपका साथी