आठ लाख से विकसित होगा बकरोटा वार्ड का नेहरू पार्क

डलहौजी नगर परिषद के तहत करवाए जा रहे विकास कार्यो की कड़ी में अब वार्ड-एक बकरोटा के लोगों की वर्षो पुरानी पार्क के निर्माण की मांग भी पूरी होने जा रही है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 30 Nov 2020 04:30 PM (IST) Updated:Mon, 30 Nov 2020 04:30 PM (IST)
आठ लाख से विकसित होगा बकरोटा वार्ड का नेहरू पार्क
आठ लाख से विकसित होगा बकरोटा वार्ड का नेहरू पार्क

संवाद सहयोगी, डलहौजी : डलहौजी नगर परिषद के तहत करवाए जा रहे विकास कार्यो की कड़ी में अब वार्ड-एक बकरोटा के लोगों की वर्षो पुरानी पार्क के निर्माण की मांग भी पूरी होने जा रही है। नगर परिषद द्वारा बकरोटा वार्ड में नेहरू पार्क को विकसित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है।

बकरोटा वार्ड में नेहरू पार्क स्थित है जहां दशकों पहले लगाए गए झूले समय बीतने के साथ क्षतिग्रस्त हो गए थे। वहीं पार्क जीर्णशीर्ण अवस्था में था जिससे बच्चों को खेलने के लिए जहां उपयुक्त सुविधा उपलब्ध नहीं हो रही थी, वहीं वार्ड के लोगों को भी सुबह व शाम के समय टहलने के लिए कोई उपयुक्त स्थान उपलब्ध नहीं था। ऐसे में वार्ड पार्षद रीना जरयाल के माध्यम से वार्डवासियों द्वारा नगर परिषद से नेहरू पार्क के दोबारा निर्माण की मांग उठाई गई थी। वार्ड पार्षद के माध्यम से पहुंची मांग को हरी झंडी दिखाते हुए नगर परिषद द्वारा पार्क को विकसित करने के लिए खाका तैयार किया गया व बजट का प्रावधान किया गया।

अब करीब आठ लाख के बजट से पार्क को विकसित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। नगर परिषद डलहौजी द्वारा स्वीकृत बजट से वार्ड में जहां बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के आकर्षक झूले लगाए जाएंगे, वहीं वार्ड में ओपन एयर जिम स्थापित करने के साथ-साथ जोगिग पथ का भी निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा पार्क में रंग बिरेंगे फूलों की क्यारियां भी बनाई जाएंगी। लोगों ने नगर परिषद के अध्यक्ष मनोज चड्ढा व वार्ड पार्षद रीना जरयाल का आभार जताया। मनोज चड्ढा ने कहा बकरोटा वार्ड सहित नप डलहौजी के सभी वार्डो का एकसमान विकास करवाया जा रहा है। जल्द ही नेहरू पार्क में नए झूले व ओपन एयर जिम स्थापित कर पार्क को जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी