भूस्खलन से गिरा डंगा, कार गैराज पर गिरा मलबा

डलहौजी के वार्ड-एक सदर बाजार में शनिवार को मूसलाधार बारिश के कारण भूस्खलन की चपेट में आकर बलदेव मोहन खोसला के घर के आगे का डंगा ढह गया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 11 Sep 2021 05:57 PM (IST) Updated:Sat, 11 Sep 2021 05:57 PM (IST)
भूस्खलन से गिरा डंगा, कार गैराज पर गिरा मलबा
भूस्खलन से गिरा डंगा, कार गैराज पर गिरा मलबा

संवाद सहयोगी, डलहौजी : डलहौजी के वार्ड-एक सदर बाजार में शनिवार को मूसलाधार बारिश के कारण भूस्खलन की चपेट में आकर बलदेव मोहन खोसला के घर के आगे का डंगा ढह गया। डंगे का मलबा खोसला के कार गैराज के ऊपर गिरने से गैराज क्षतिग्रस्त होने के साथ गैराज में पार्क की गई उनकी दो कारें भी मलबे के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गई।

जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, उस स्थान के साथ ही गली है जहां पर अकसर बच्चे खेलते रहते हैं और लोग गुजरते हैं। गनीमत रही कि बरसात होने के चलते उस स्थान पर बच्चे नहीं खेल रहे थे और न ही यहां से कोई गुजर रहा था, अन्यथा यहां बड़ा हादसा हो सकता था।

डंगे का मलबा गली की दूसरी ओर घरों के दरवाजे तक भी पहुंच गया था। डंगा गिरने से बलदेव मोहन खोसला के घर को भी खतरा उत्पन्न हो गया है। उधर डंगा क्षतिग्रस्त होने पर टीन की छत वाला कार गैराज गिरने की आवाज सुनकर आसपास के घरों के लोग भी अपने घरों से बाहर निकल आए। काफी ज्यादा मलबा गली में आने से यहां से आवाजाही भी बंद हो गई। लगातार जारी बारिश के कारण शनिवार को मलबा नहीं हटाया जा सका।

रविवार को मलबा हटाने का कार्य किया जाएगा जिसके बाद ही यह पता चल पाएगा कि मलबे के नीचे दबी कारों का कितना नुकसान हुआ है। हादसे की जानकारी मिलने पर नगर परिषद डलहौजी के उपाध्यक्ष संजीव पठानिया ने भी मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। उधर तहसीलदार डलहौजी राजेश जरयाल व नगर परिषद के उपाध्यक्ष संजीव पठानिया ने कहा कि प्रभावित परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी।

chat bot
आपका साथी