घुमारवीं में चरमराई यातायात व्यवस्था, जाम हुआ आम

संवाद सहयोगी घुमारवीं त्योहारी सीजन शुरू होते ही घुमारवीं की सड़कों पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 04:27 PM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 04:27 PM (IST)
घुमारवीं में चरमराई यातायात व्यवस्था, जाम हुआ आम
घुमारवीं में चरमराई यातायात व्यवस्था, जाम हुआ आम

संवाद सहयोगी, घुमारवीं : त्योहारी सीजन शुरू होते ही घुमारवीं की सड़कों पर यातायात व्यवस्था चरमराने लग गई। जाम ने शहर में अपने पांव जमा लिए हैं। बाजारों में जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस व्यवस्था के भी हाथ पांव फूल गए हैं। करवाचौथ जैसे महापर्व की आहट से बाजारों में भीड़ इतनी है कि रास्ता पार करने में ज्यादा समय लग रहा है। पुलिस व्यवस्था को बनाए रखने में लगी है, लेकिन यह व्यवस्था बन नहीं पा रही है।

बड़ा कारण यह है कि शहर में मुख्य सड़कों पर लोगों ने दुकानों का सामान भी फैला दिया है। नतीजा घंटों का जाम लग जाता है। ऐसे में अगर शीघ्र ही व्यवस्था नहीं बन पाई तो आगामी दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं। करवा चौथ व दीपावली जैसे पर्व से पहले बाजारों में भीड़ उमड़ रही है। त्योहारों की खरीदारी के साथ-साथ शादियों का सीजन भी है और इसकी तैयारियों को लेकर लोग बाजार में है। पुलिस जवानों की कमी होने के कारण अव्यवस्था का आलम बढ़ गया है।

शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कुछ समय पहले पुलिस ने दकड़ी चौक चौराहे पर रेड लाइट लगाई थी। उम्मीद जताई जा रही थी कि यातायात की इस नई व्यवस्था से आमजन को शहर में लगने वाले जाम से निजात मिलेगा। करीब दो साल पहले खराब होने के बाद उसे आज तक बनाना उचित नहीं समझा गया।

शहर में सबसे अधिक अव्यवस्था राष्ट्रीय राजमार्ग-103 में बनी रहती है। यहां पूरे दिन सड़कों के किनारे वाहन खड़े रहते हैं, जिनके कारण अक्सर जाम लगता रहता है। कई लोग अपने वाहनों को सड़क पर खड़ा कर खरीदारी करने चले जाते हैं, जिसका खामियाजा रोजाना आवाजाही करने वालों को भुगतना पड़ रहा है।

वहीं पुलिस उप अधीक्षक घुमारवीं अनिल ठाकुर ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए जल्द ही अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि अपनी गाड़ियां को बीच बाजार सड़क किनारे खड़ी न करें अन्यथा ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी