विकास के नाम पर जनता को भ्रमित न करें विधायक : रणधीर

कांग्रेस नेता तथ्यहीन बयानबाजी कर लोगों को गुमराह करने का प्र

By JagranEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 09:53 PM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 09:53 PM (IST)
विकास के नाम पर जनता को भ्रमित न करें विधायक : रणधीर
विकास के नाम पर जनता को भ्रमित न करें विधायक : रणधीर

जागरण संवाददाता, बिलासपुर : कांग्रेस नेता तथ्यहीन बयानबाजी कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। पांच बार नयनादेवी का प्रतिनिधित्व करने वाले पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर प्रदेश सरकार पर विकास के मामले में नयनादेवी से भेदभाव करने का आरोप लगा रहे हैं। जब सरकार विकास के लिए पैसा स्वीकृत करती है तो कहते हैं कि यह उन्होंने स्वीकृत करवाया है। दोहरी मानसिकता के कारण पूर्व मंत्री लोगों के बीच हास्य का पात्र बन रहे हैं।

यह बात भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक रणधीर शर्मा ने बिलासपुर में कही। उन्होंने कहा कि मार्च में स्वारघाट में हुई मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व केंद्रीय राज्य मंत्री की रैली में उमड़ी लोगों की भीड़ से पूर्व मंत्री के होश फाख्ता हो गए हैं। रैली में मुख्यमंत्री व केंद्रीय राज्य मंत्री ने क्षेत्र के लिए कई सौगातें दी हैं तो पूर्व मंत्री बौखला गए हैं। इस कारण तथ्यहीन बयानबाजी कर रहे हैं।

बाड़नू में सड़क भी बनेगी और बस भी चलेगी

रणधीर शर्मा ने कहा कि बाड़नू के लिए भाजपा सरकार के समय सड़क बनना शुरू हुई है। इसके लिए मुख्यमंत्री व केंद्रीय राज्य मंत्री ने राशि स्वीकृत की है। अब तक सड़क पर साढ़े 13 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं और जल्द यह बनकर तैयार हो जाएगी। इसके बाद एसडीएम की अध्यक्षता में बनी कमेटी सड़क का निरीक्षण कर इसे पास करेगी और बाड़नू के लिए मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार बस चलाई जाएगी। भाजपा क्षेत्र में शीघ्र जागरूकता अभियान चलाकर पूर्व मंत्री की तथ्यहीन बयानबाजी के बारे में अवगत करवाएगी।

सुई सुराहड़ सड़क के लिए 3.70 करोड़ स्वीकृत

रणधीर शर्मा ने कहा कि सुई सुराहड़ सड़क के लिए तीन करोड़ 70 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इस सड़क को उन्होंने विधायक प्राथमिकता में डाला था और इसे अब एफसीए की एनओसी मिली है। इसे भी पूर्व मंत्री अपनी उपलब्धि बता रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से प्रत्येक जिले में जाकर कोविड-19 व सूखे की स्थिति का आकलन करने के कार्य को सराहनीय करार दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से प्रदेश में सात ऑक्सीजन प्लांट खोलने की घोषणा का स्वागत किया है। इस अवसर पर जिला भाजपा मीडिया प्रभारी सोनल शर्मा व नयनादेवी मंडल प्रवक्ता शैलेंद्र भी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी