भाजपा व कांग्रेस के बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर

जागरण संवाददाता बिलासपुर जिला बिलासपुर में जिला परिषद की कुल 14 सीटों में भाजपा व कां

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Jan 2021 05:25 PM (IST) Updated:Thu, 21 Jan 2021 05:25 PM (IST)
भाजपा व कांग्रेस के बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर
भाजपा व कांग्रेस के बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर

जागरण संवाददाता, बिलासपुर : जिला बिलासपुर में जिला परिषद की कुल 14 सीटों में भाजपा व कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के बडे़ नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। वीरवार को संपन्न पंचायत चुनाव में अब आगामी कुछ घंटों के लिए तमाम उम्मीदवारों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया है। शुक्रवार सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हो हो जाएगी। जिले में लाखों लोगों को अपने जिला परिषद व बीडीसी सदस्यों के चुनाव नतीजों का इंतजार है, साथ ही उम्मीदवारों व इनके आका नेताओं की धड़कनें भी बढ़ी हैं।

जिला बिलासपुर में नयनादेवी विधानसभा हलके में सबसे हॉट सीट जुखाला व नम्होल वार्ड हैं। यहां पर कांग्रेस के विधायक एवं पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर की प्रतिष्ठा दांव पर है। भाजपा ने तो यहां पर अपने उम्मीदवार घोषित किए ही हैं लेकिन कांग्रेस ने भी परंपरा से हटकर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर रखी है। नम्होल वार्ड से भाजपा से प्रेम सिंह ठाकुर हैं। यहां से भाजपा की बागी पृष्ठभूमि वाले पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर भाजपा व कांग्रेस दोनों के लिए ही चुनौती बने हुए हैं। कांग्रेस ने यहां से अपने वरिष्ठ नेता ओपी गौतम को उतारा है। कांग्रेस ने उन्हें जीताने के लिए ऐडी चोटी का जोर लगा दिया है। लेकिन कुलदीप ठाकुर अपने बूते ही चुनाव मैदान में है।

सिर्फ यही नहीं बल्कि जुखाला वार्ड से महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सीमा ठाकुर भी रामलाल ठाकुर की ओर से उतारी गई हैं। यह इलाका रामलाल ठाकुर का गृह क्षेत्र से जुड़ा हुआ होने के कारण उनकी साख को भी भाजपा ने चुनौती दी है।

सदर विस हलके में बामटा जिला परिषद वार्ड पर नजरें हैं। कारण यह है कि यहां से कांग्रेस व भाजपा के घोषित उम्मीदवारों के खिलाफ एक लंबी सूची चुनाव मैदान में है। इस वार्ड से आजाद उम्मीदवारों में एक से बढ़कर एक उम्मीदवार हैं। पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा का बेटा गौरव शर्मा, एडवोकेट अभिषेक चंदेल, कुमार गौरव शर्मा, भूपेंद्र सिंह ठाकुर भुट्टी आदि आजाद उम्मीदवार हैं।

-----------------

कम्यूनिस्ट नेता ने भाजपा को दी है चुनौती

झंडूता विस हलके में जेजवीं वार्ड से कुलदीप खजूरिया को पार्टी ने आगे कर रखा है। वहां पर विधायक जीत राम कटवाल कोशिश कर रहे हैं। बैहना ब्राहमणा वार्ड से कम्यूनिस्ट नेता प्रोमिला वासु ने भाजपा की उम्मीदवार को चुनौती दे रखी है। सिर्फ इतना ही नहीं कटवाल के लिए उनकी बैहनाजट्टां वार्ड से खड़ी हुई जिला परिषद की भाजपा उम्मीदवार शैलजा शर्मा को जितवाना भी बडी चुनौती है। यहां से आजाद उम्मीदवार इशा की भूमिका के नतीजों का भी सभी को इंतजार है।

घुमारवीं व बरठीं में भी मुकाबला रोचक

घुमारवीं विस हलके में विधायक एवं मंत्री राजिंद्र गर्ग ने डंगार वार्ड से कुलतार पटियाल को पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने यहां पर किसी को भी घोषित नहीं किया है। कमल राव, आइडी शर्मा, अमी चंद सोनी आदि प्रमुख मुकाबले के उम्मीदवार हैं।

वहीं बरठीं वार्ड में भाजपा की वरिष्ठ नेता ऊषा ठाकुर घिरी पड़ी हैं। उन्हें कांग्रेस व भाजपा दोनों ओर से घेराव मिल रहा है। उनके नतीजे पर भी सभी की नजरें हैं। कुठेड़ा वार्ड भी हॉट सीट है। यहां से जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अंजना धीमान के चुनाव मैदान में होने के कारण पार्टी की नजरें उनकी परफारमेंस पर है। उनके मुकाबले मे यहां से जिला कांग्रेस कमेटी की महामंत्री सुनीता धीमान को युवा कांग्रेस की ओर से उतारा गया है। लेकिन भाजपा की ओर से सिर्फ बिमला ही उम्मीदवार है।

chat bot
आपका साथी