सनौर में फ्लाई ओवर का निर्माण किया जाए : मान सिंह

कंदरौर के समीप पंचायत पनोह के गांव सनौर में फोरलेन के निर्माण कार्य से बावड़ी क्षतिग्रस्त होने से लोगों में रोष है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 09:48 PM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 09:48 PM (IST)
सनौर में फ्लाई ओवर का निर्माण किया जाए : मान सिंह
सनौर में फ्लाई ओवर का निर्माण किया जाए : मान सिंह

संवाद सहयोगी, बिलासपुर : कंदरौर के समीप पंचायत पनोह के गांव सनौर में फोरलेन के निर्माण कार्य के दौरान बावड़ी को नष्ट करने से ग्रामीणों में रोष है। समाजसेवी मान सिंह सनौरी व फोरलेन विस्थापित समिति के प्रचार सचिव रणवीर सिंह ठाकुर व ग्रामीणों ने बताया कि बावड़ी को बचाने के लिए गांववासियों ने जिला प्रशासन, तत्कालीन मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह व परियोजना निदेशक सतीश कौल से पत्राचार किया था। उन्होंने उस समय निर्माण कार्य में जुटी कंपनी को बावड़ी को नुकसान न पहुंचाने के निर्देश दिए थे। ग्रामीणों ने शिव मंदिर को फोरलेन से बाहर रखने का आग्रह किया था।

मान सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने उस स्थल पर फोरलेन को आर-पार करने के लिए फ्लाई ओवर का निर्माण करने की भी मांग की थी, जिसे निदेशक ने स्वीकार किया था। हैरानी की बात है कि आश्वासन के बावजूद न तो प्राकृतिक जलस्त्रोत को बचाया गया और न ही क्रासिग के लिए फ्लाई ओवर का निर्माण किया गया। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जलशक्ति विभाग उपमंडल घुमारवीं की ओर से जो पेयजल पाइपलाइन बिछाई गई थी, उसमें भी अभी तक पानी नहीं छोड़ा गया है। टूटी पाइपलाइन को भी नहीं जोड़ा गया है। इस कारण लीकेज हो रही है और नलों में पानी नहीं आ रहा है। नई कंपनी भी ग्रामीणों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है और सनौर बावड़ी व शिव मंदिर का निर्माण नहीं कर रही है। ग्रामीणों ने नई कंपनी व जिला प्रशासन से मांग की है कि बावड़ी व शिव मंदिर का पुनर्निर्माण तथा सनौर में फ्लाई ओवर का निर्माण किया जाए, ताकि उस क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिल सके।

chat bot
आपका साथी