24 घंटों से भी ज्यादा समय बीतने के बावजूद बिजली गुल

संवाद सहयोगी बरठीं विद्युत उपमंडल बरठीं के अंतर्गत कई क्षेत्रों में 24 घंटे से भी ज्यादा समय

By JagranEdited By: Publish:Fri, 10 Sep 2021 05:22 PM (IST) Updated:Fri, 10 Sep 2021 05:23 PM (IST)
24 घंटों से भी ज्यादा समय बीतने के बावजूद बिजली गुल
24 घंटों से भी ज्यादा समय बीतने के बावजूद बिजली गुल

संवाद सहयोगी, बरठीं : विद्युत उपमंडल बरठीं के अंतर्गत कई क्षेत्रों में 24 घंटे से भी ज्यादा समय बीतने के बावजूद बिजली गुल है। निहाण पंचायत के वार्ड सदस्य सीएल खजूरिया, सतीश कुमार, चंद्रप्रकाश, रितेश कुमार, मनोहर लाल, रोशन लाल, राम सिंह, जगदीश चंद, विशाल व अन्य गांववासियों ने बताया कि गत वीरवार को करीब एक बजे से बिजली गुल है और विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण क्षेत्रवासी अंधेरे में रहने के लिए मजबूर हैं। शुक्रवार को खबर लिखे जाने तक निहाण, बरड़ व बलड़ा सहित अन्य गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं।

उक्त लोगों ने रोष जताते हुए कहा कि कल दोपहर एक बजे से बिजली सप्लाई में समस्या आ गई मगर विभाग की कार्य गति देखिए कि शाम तक विभाग फाल्ट ही नहीं ढूंढ पाया। लोगों के अनुसार सायं के समय जब सहायक अभियंता से संपर्क किया तो पहले तो कहा गया कि समस्या ढूंढी जा रही है। बाद में कहा गया कि फाल्ट का पता नहीं लग पा रहा है।

लोगों ने बताया कि सारी रात जागकर मच्छरों से परेशान हो रहे। लोगों ने बताया कि आजकल उपमंडल में दिन में कई बार बिजली की आंखमिचौली से लोग परेशान हैं। बिजली उपकरण भी इस आंखमिचौली से खराब हो रहे हैं। वहीं कोविड-19 के कारण बच्चों की पढ़ाई आनलाइन है, इस पर भी बुरा प्रभाव पढ़ रहा है। मोबाइल चार्ज करने के लिए भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

लोगों ने स्थानीय विधायक से भी आग्रह किया है कि ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर संज्ञान लें ताकि लोगों को बिजली आपूर्ति सही ढंग से हो सके।

इस संदर्भ में कनिष्ठ अभियंता से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि कल फाल्ट नहीं मिल पाया। आज फाल्ट मिल गया है और बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

वहीं सहायक अभियंता विद्युत उपमंडल बरठीं रणजीत सिंह ने कहा कि स्टाफ की कमी के कारण आपातकालीन सेवाएं बंद हैं। इस कारण रात को बिजली का फाल्ट ढूंढने में दिक्कत आ रही थी। शीघ्र ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी