आजादी के अमृत महोत्सव को बनाएंगे सफल, जिले से एकत्रित करेंगे 11000 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा : प्रितेश कुमार

आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में केंद्र सरकार द्वारा इस बार कई कार्यक्रम आयोजित कराए जा रहे हैं। जिसमें जल शक्ति मिशन स्वच्छ भारत अभियान स्वच्छता सर्वेक्षण समेत कई महत्वपूर्ण कार्य देशभर में कराए जा रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 07:45 AM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 07:45 AM (IST)
आजादी के अमृत महोत्सव को बनाएंगे सफल, जिले से एकत्रित करेंगे 11000 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा : प्रितेश कुमार
आजादी के अमृत महोत्सव को बनाएंगे सफल, जिले से एकत्रित करेंगे 11000 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा : प्रितेश कुमार

जागरण संवाददाता, यमुनानगर :

आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में केंद्र सरकार द्वारा इस बार कई कार्यक्रम आयोजित कराए जा रहे हैं। जिसमें जल शक्ति मिशन, स्वच्छ भारत अभियान, स्वच्छता सर्वेक्षण समेत कई महत्वपूर्ण कार्य देशभर में कराए जा रहे हैं। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार की पहल से देशभर में नेहरू युवा केंद्र संगठन के माध्यम से भी यह कार्यक्रम शहर से लेकर गांवों तक में आयोजित किए जा रहे हैं। ऐसे में जिला नेहरू युवा केंद्र सरकार की इन योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में पूरी मेहनत कर रहा है। केंद्र द्वारा कौन-कौन से काम किए जा रहे हैं, इनका क्या परिणाम देखने को मिल रहा है इन सब बातों पर नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी प्रितेश कुमार जवेरी से दैनिक जागरण संवाददाता राजेश कुमार ने बात की : सवाल : स्वच्छ भारत अभियान को लेकर क्या कार्यक्रम कर रहे हैं?

जवाब : आजादी के अमृत महोत्सव के तहत नेहरू युवा केंद्र की तरफ से जिला प्रशासन के सहयोग से गांवों में शेड्यूल बनाकर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों एवं गांवों में बनाए गए युवा मंडलों के सहयोग से न केवल सफाई अभियान चलाया जा रहा है बल्कि लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। इसके तहत हर गांव से कम से कम 30 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एवं जिला स्तर पर न्यूनतम 11000 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्रित करने का लक्ष्य रखा है। गांवों को कूड़े से मुक्त कर उनके सुंदरीकरण को बढ़ावा देना व जलस्त्रोतों की सफाई करना भी इस अभियान के अहम पहलू है। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत यह कार्यक्रम समस्त जिले में एक से 31 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। सवाल : स्वच्छता सर्वेक्षण में केंद्र किस तरह से सहयोग कर रहा है?

जवाब : केंद्र सरकार द्वारा ग्रामीण स्वच्छता सर्वेक्षण किया जा रहा है। इस काम को पूरा करने में भी नेहरू युवा केंद्र बहुत सहयोग कर रहा है। इसके तहत हमारी टीम गांवों में जाती है। कुछ प्वाइंट हैं जिन पर हमें काम करना है। जैसे लोगों के घरों में शौचालय बने हैं या नहीं। वह शौचालयों का प्रयोग करते भी हैं या नहीं। कितने लोग अभी भी खुले में शौच करने जाते हैं। ऐसा करने के पीछे उनकी क्या मजबूरी है। इसकी पूरी रिपोर्ट तैयार की जाती है। साथ ही मुझे उपायुक्त ने रादौर खंड का क्लस्टर नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया है। सवाल : कैच दी रेन कार्यक्रम को कैसे सफल बना रहे हैं?

जवाब : जल शक्ति अभियान के तहत ही कैच दी रेन कार्यक्रम भी चल रहा है। इस अभियान को सफल बनाने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन ने नेहरू युवा केंद्र को दी है। ग्रामीण युवा मंडल व राष्ट्रीय युवा स्वयं सेवक लोगों को जागरूक कर रहे हैं। उन्हें जल का महत्व बताते हैं। पर्यावरण संतुलन बना रहे इसके लिए अधिक से अधिक पौधे लगाए जा रहे हैं। क्योंकि जितने ज्यादा पेड़ होंगे तो बरसात भी अधिक होगी। साथ ही जनसामान्य को जल संरक्षण के महत्व एवं विविध उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी देकर जागरूक करने की मुहिम नेहरू युवा केंद्र के युवा स्वयंसेवकों द्वारा चलाई जा रही है। इसके अलावा कूड़े का प्रबंधन कैसे करें इसके बारे में भी लोगों को बता रहे हैं। सवाल : क्या कोरोना वैक्सीन लगाने में भी मदद कर रहे हैं?

जवाब : कोरोना महामारी से बचाव के लिए सावधानी व वैक्सीन की दोनों डोज लगवाना बहुत जरूरी है। युवा मंडल के सदस्य लोगों को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगवाने में मदद कर रहे हैं। उन्हें वैक्सीनेशन कैंप तक ले जाया जाता है और साथ कि कोरोना से बचाव के बारे में रखी जाने वाली सावधानियों व उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दे रहे हैं। सवाल : युवा मंडल बनाने के क्या फायदे हैं?

जवाब : युवा मंडल में ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को जोड़ा जाता है। उनका एक प्रधान व अन्य सदस्यों को इसमें शामिल किया जाता है। सरकार की जो योजनाएं व कार्यक्रम होते हैं वह युवा मंडलों की तरफ से कराए जाते हैं। इसके लिए उन्हें बकायदा नियमानुसार भुगतान भी किया जाता है। इन गतिविधियों से युवाओं को मुख्य धारा में जोड़ना, उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करना व सरकारी योजनाओं को धरातल पर लागू कराना हमारा मुख्य लक्ष्य रहता है। सवाल : युवा मंडल का रजिस्ट्रेशन कैसे होगा?

जवाब : जिला में 655 गांव हैं। जिनमें अब तक 309 युवा मंडल रजिस्टर्ड हैं। यदि कोई अपने गांव में युवा मंडल बनाना चाहता है तो वह तेजली खेल स्टेडियम के साथ यूथ हास्टल की बिल्डिग में हमारे कार्यालय में आकर संपर्क कर सकता है।

chat bot
आपका साथी