प्लाईवुड फैक्ट्री में घुसकर गार्ड व कर्मियों को पीटा

अवैध खनन के मामले में गवाही देने से रोकने के लिए उद्योगपति रोशनलाल कांबोज की प्लाईवुड फैक्ट्री में घुसकर बाइक सवार युवकों ने सुरक्षा गार्ड को पीट दिया। बीच-बचाव करने आए कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की गई।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 17 Oct 2019 07:41 PM (IST) Updated:Fri, 18 Oct 2019 08:59 AM (IST)
प्लाईवुड फैक्ट्री में घुसकर गार्ड व कर्मियों को पीटा
प्लाईवुड फैक्ट्री में घुसकर गार्ड व कर्मियों को पीटा

जागरण संवाददाता, यमुनानगर : अवैध खनन के मामले में गवाही देने से रोकने के लिए उद्योगपति रोशनलाल कांबोज की प्लाईवुड फैक्ट्री में घुसकर बाइक सवार युवकों ने सुरक्षा गार्ड को पीट दिया। बीच-बचाव करने आए कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की गई। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों की पहचान कर पुलिस ने मुकारमपुर के तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

उद्योगपति रोशनलाल कांबोज ने बताया कि साबापुर में उनकी गोल्ड लैमिनेट्स इंडिया लिमिटेड के नाम से प्लाईवुड फैक्ट्री है। 13 अक्टूबर को सायं करीब 4.30 बजे गार्ड जय सिंह फैक्ट्री के बाहर खड़ा था। इसी दौरान बाइकों पर आए 15-20 युवकों ने उसे पीटना शुरू कर दिया और पीटते-पीटते फैक्ट्री के अंदर घुस आए। किसी तरह से वह उनसे छूटकर भागा। वहां काम कर रहे अन्य कर्मचारियों के बीच-बचाव करने पर उनके साथ भी गाली-गलौज की। कर्मचारियों ने आरोपितों को किसी तरह से फैक्ट्री से बाहर निकाला। दोबारा आकर कर्मचारियों को पीटा

सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि कुछ समय बाद आरोपित फिर से गेट पर लात मारकर अंदर घुस आए और कर्मचारियों को पीटा। मामले की शिकायत उसी दिन पुलिस को दे दी गई थी। जांच के दौरान सीसीटीवी से तीन आरोपितों मुकारमपुर निवासी गुल्लू, साबिर व मुबारिक की पहचान होने पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

रोशन लाल कांबोज ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। आरोपितों को वह जानते तक नहीं है। उन्होंने बताया कि तीन-चार महीने पहले गांव साबापुर में अवैध खनन के वाहन निकलने से रोकने को लेकर उनका माफिया के साथ विवाद हुआ था। इसका केस भी दर्ज है। इस मामले में जल्द ही उनकी गवाही होने वाली है। उन्होंने आशंका जताई है कि हमला उसी विवाद से जुड़ा हो सकता है।

chat bot
आपका साथी