बरसात में टमाटर के तेवर लाल

यमुनानगर बरसात ने भले ही लोगों को गर्मी से कुछ राहत दिला दी हो लेकिन सब्जी के रेट आसमान पर पहुंच गए हैं।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 05 Aug 2020 07:41 AM (IST) Updated:Wed, 05 Aug 2020 07:41 AM (IST)
बरसात में टमाटर के तेवर लाल
बरसात में टमाटर के तेवर लाल

जागरण संवाददाता, यमुनानगर : बरसात ने भले ही लोगों को गर्मी से कुछ राहत दिला दी हो लेकिन सब्जी के रेट आसमान पर पहुंच गए हैं। टमाटर इतना लाल हो गया है कि लोग इसका तड़का लगाना भूल गए हैं। सलाद की प्लेट से तो टमाटर गायब ही हो गया है। इन दिनों बाजार में टमाटर का भाव 60 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया है। वहीं फूल गोभी भी कड़े तेवर दिखा रही है। गोभी की कीमत 80 रुपये किलो पर पहुंच गई है। सब्जी की बढ़ती कीमतों ने लोगों की थाली का स्वाद बिगाड़ दिया है। कीमत बढ़ने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कोरोना वायरस के कारण फैली महामारी में चिकित्सक शरीर की इम्युनिटी पावर बढ़ाने के लिए ज्यादा से ज्यादा हरी सब्जी का प्रयोग करने पर जोर दे रहे हैं। परंतु बढ़ती कीमतों से लोगों को इन्हें खरीदना ही मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा प्लेज की सब्जी को नुकसान :

इस वक्त मंडी में 90 प्रतिशत लोकल किसानों की सब्जी आ रही है। जिला में सबसे ज्यादा साढौरा, रादौर, रणजीतपुर क्षेत्र में सब्जी की पैदावार होती है। काफी लोग सोम व यमुना नदी के अलावा अन्य बरसाती नदियों में प्लेज (जो सब्जी बेल पर लगती है) की खेती करते हैं। मानसून सीजन के कारण नदियों में पानी आया हुआ है। इसलिए किसानों ने जो घीया, तोरी, कद्दू, घीरा लगाई थी वो पानी में बह गई। दूसरा खेतों में पानी भरने से इनकी सब्जी को तोड़ने के लिए मजदूर नहीं मिलते। यदि मिलते भी हैं तो वे ज्यादा मजदूरी लेते हैं। बरसात में रास्तों पर कीचड़ होने से वाहन खेत तक नहीं पहुंच पाते। इससे खेतों में ही सब्जियां खराब हो जाती हैं।

तीसरा बड़ा कारण बरसात में सब्जी जल्दी खराब हो जाती है। जिससे मंडियों में आवक कम होने लगी है। इससे सब्जी के भाव कई गुणा बढ़ गए हैं। बरसात में महंगी हो जाती है सब्जी: अमृतपाल

सब्जी मंडी यमुनानगर के प्रधान अमृतपाल ने बताया कि बारिश में खेतों में पानी भर जाता है, जिससे सब्जी नहीं निकल पाती है। इससे आढ़तों पर सब्जी की आवक कम हो जाती है। यही वजह है कि सब्जियां महंगी हो गई। वहीं इस मौसम में टमाटर की पैदावार घट जाती है। टमाटर पानी से जल्दी खराब हो जाता है, इसलिए यह महंगा है। सब्जी रेट रुपये प्रति किलोग्राम

टमाटर 60

भिडी 40

तोरी 40

शिमला मिर्च 60

बैंगन 40

कद्दू 25

मटर 150

प्याज 25

आलू 30

खीरा 40

मूली 40

फूल गोभी 80

पत्ता गोभी 30

घीया 30

बींस 50

chat bot
आपका साथी