कबूतर पकड़ने को लेकर हुआ था विवाद, रंजिशन सैलून में की तोड़फोड

यमुनानगर रादौर रोड पर पंजाब कांप्लेक्स के नजदीक हैंडसम गाइज हेयर सैलून में जमकर तोड़फोड़ की गई।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 02 Nov 2020 07:00 PM (IST) Updated:Mon, 02 Nov 2020 07:00 PM (IST)
कबूतर पकड़ने को लेकर हुआ था विवाद, रंजिशन सैलून में की तोड़फोड
कबूतर पकड़ने को लेकर हुआ था विवाद, रंजिशन सैलून में की तोड़फोड

जागरण संवाददाता, यमुनानगर : रादौर रोड पर पंजाब कांप्लेक्स के नजदीक हैंडसम गाइज हेयर सैलून पर दर्जनभर युवकों ने ईंट, पत्थर व डंडों से तोड़फोड़ की। सैलून संचालक का आरोप है कि तलवार लगने से सैलून में बाल कटवाने आया युवक व दो वर्कर घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। गांधी नगर थाना पुलिस ने मौके का मुआयना किया और जांच शुरू कर दी है।

गांधी नगर निवासी वसीम ने पुलिस को बताया कि उसका रादौर रोड पर पंजाब कांप्लेक्स के नजदीक सैलून है। रविवार शाम वह वर्करनइम व राकिब के साथ सैलून पर मौजूद था। इसी दौरान सैलून पर जोगिद्र नगर का रोहित भी बाल कटवा रहा था। तभी दो कारों में दर्जनभर हमलावर आए और उसके सैलून में तोड़फोड़ शुरू कर दी। डंडों से सैलून के शीशे व अन्य सामान भी तोड़ दिया। वसीम का आरोप है कि इसी दौरान तलवार लगने से रोहित की टांग पर काफी चोट आई। इसके अलावा हमले में नइम व राकिब भी घायल हो गए। आरोपित जाते समय उन्हें जान से मारने की धमकी देकर गए। जाते समय वे सैलून में रखे 21 हजार रुपये भी ले गए। इनमें से 17 हजार रुपये दुकान का किराया देना था जबकि चार हजार रुपये दिनभर के काम से कमाए थे। कुछ ही देर में गांधी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की।

गांधी नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार का कहना है कि पुलिस मौके पर गई थी। फिलहाल मामले की जांच चल रही है। कबूतर पकड़ने को लेकर हुआ था हमला :

वसीम ने बताया कि उसे कबूतर पालने का शौक भी है। कुछ दिर पहले उसका एक कबूतर गांधी नगर में ही उनके घर से कुछ दूर रहने वाले युवक के घर चला गया था। तब युवक ने कबूतर को पकड़ लिया था। कहने के बावजूद उसने कबूतर को छोड़ने से मना कर दिया। तभी वहां उनमें बहस हो गई। आरोप है कि इसी रंजिश के तहत 25 अक्टूबर को युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके घर पर हमला किया था। तब मौजिज लोगों के बीच बचाव से मामला खत्म हो गया था। लेकिन आरोपित उससे रंजिश रखने लगे और रविवार को सैलून में घुस कर हमला कर दिया।

chat bot
आपका साथी