सीवरेज लाइन दबाकर अधर में छोड़ा बरम का काम, क्षेत्रवासियों ने तीन रास्तों पर लगाया जाम

बाडी माजरी में निगम ने सीवरेज लाइन दबाने के बाद बरम का काम अटका हुआ है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 28 Jul 2021 07:10 AM (IST) Updated:Wed, 28 Jul 2021 07:10 AM (IST)
सीवरेज लाइन दबाकर अधर में छोड़ा बरम का काम, क्षेत्रवासियों ने तीन रास्तों पर लगाया जाम
सीवरेज लाइन दबाकर अधर में छोड़ा बरम का काम, क्षेत्रवासियों ने तीन रास्तों पर लगाया जाम

जागरण संवाददाता, यमुनानगर : बाडी माजरी में निगम ने सीवरेज लाइन दबाने के बाद बरम का काम अधर में छोड़ दिया। बारिश होने पर यहां से गुजरना मुश्किल हो गया। मंगलवार को क्षेत्रवासियों के सब्र का बांध टूट गया और निगम अधिकारियों के खिलाफ रोष व्यक्त किया। क्षेत्रवासियों ने सड़क के बीचों बीच सुबह आठ बजे पाइप रखकर जाम लगा दिया। क्षेत्रवासियों ने गधौली, थर्मल पावर प्लांट व बाडीमाजरा के रास्ते बंद कर दिए और ठेकेदार का घेराव भी किया। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। चार बजे तक कशमकश का माहौल रहा। इस दौरान मौके पर पहुंच एसई आनंद स्वरूप व एमई नरेंद्र मलिक और प्रदर्शनकारियों की बीच तीखी नोकझौंक भी हुई।

क्षेत्रवासी विवेक कांबोज, गोल्डी, मनोज व घनश्याम ने बताया कि बाडी माजरा में सीवरेज लाइन दबाने का काम चल रहा है। यह काम बहुत ही धीमी गति से चल रहा है। ठेकेदार ने सड़क की बरम उखाड़कर उसको ठीक नहीं किया। जिसके चलते क्षेत्र के लोगों की परेशानी बढ़ गई। यहां से गुजरना मुश्किल हो रहा है। हालत यह है कि यहां से पैदल भी नहीं निकला जा सकता। बारिश का मौसम है। बच्चों के स्कूल खुल गए हैं। बड़े-बड़े गड्ढे हैं जिन में पानी भर जाता है। ऐसा न हो कि स्कूली बच्चे इन गड्ढे में गिर कर अनहोनी का शिकार हो जाएं।

कई बार हो चुके हादसे

कालोनीवासियों की मानें तो यहां पर कई हादसे हो चुके हैं। लोगों की टांग बाजू टूट चुकी है। आरोप है कि इस बारे कई बार अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है। लेकिन आज तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। अधिकारियों को शिकायत करने पर यही जवाब मिलता है कि हादसे तो होते ही रहते हैं। मंगलवार को भी ऐसा ही हुआ। इसी बात को लेकर कालोनी वासी भड़क गए। हालांकि एसई व एमई ने मामले को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन कई घंटे तक लोग सड़क पर ही डटे रहे। बाद में अधिकारियों ने उन्हें बुधवार को बरम पर रोड़ी डलवाने का आश्वासन दिया है।

लोगों की शिकायत को गंभीरता से लिया

एमई नरेंद्र मलिक का कहना है कि क्षेत्र के लोगों की शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है। जहां सड़क खराब है, वहां रोड़ी बिछवा दी जाएगी। लोगों को दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। आखिर यह हमारे अपने लोग हैं। इनकी सुविधा के लिए हम कार्य करवा रहे हैं।

chat bot
आपका साथी