बिना प्लानिग खोदी शहर की सड़कें, बारिश हुई तो चलना होगा मुश्किल

शहर के विकास पर अफसरशाही पूरी तरह भारी पड़ रही है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 17 Jun 2021 07:17 AM (IST) Updated:Thu, 17 Jun 2021 07:17 AM (IST)
बिना प्लानिग खोदी शहर की सड़कें, बारिश हुई तो चलना होगा मुश्किल
बिना प्लानिग खोदी शहर की सड़कें, बारिश हुई तो चलना होगा मुश्किल

जागरण संवाददाता, यमुनानगर :

शहर के विकास पर अफसरशाही पूरी तरह भारी पड़ रही है। ठेकेदार मनमर्जी से काम कर रहे हैं। बिना ठोस प्लानिग किए शहर की अधिकांश सड़कों को खोद दिया गया है। कहीं सीवरेज लाइन बिछाई जा रही है तो कहीं सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। सात से आठ फीट गहरे गड्ढे खुदवाकर ठेकेदार पीछे मुड़कर नहीं देख रहे हैं। कहीं काम बंद है तो कहीं धीमी गति से चल रहा है। लोगों के साथ हादसे हो रहे हैं। उधर, इस बारे में विधायक घनश्याम दास तीन बार अधिकारियों की बैठक ले चुके हैं। बावजूद इसके कार्यों में गति नहीं आई। विभिन्न स्थानों पर 95 करोड़ रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं। शहर में विभिन्न स्थानों पर 12 स्थानों पर सड़के खोदी हुई है।

ठेकेदारों के पास कई-कई काम

निगम ठेकेदारों के पास कई-कई काम होते हैं। लेबर व संसाधन सीमित होते हैं। एक काम को शुरू कर छोड़ दिया जाता है और दूसरा शुरू कर दिया जाता है। अधिकारी मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने की जहमत नहीं उठाते। कई-कई माह तक काम अधर में लटका रहता है। जिसका खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ता है। ऐसा ही इन दिनों शहर में हो रहा है। शहर के पाश एरिया की सड़कों की हालत भी सही नहीं है। हालांकि अधर में रुके विकास कार्यों का मुद्दा हाउस की बैठक में कई बार उठाया जा चुका है, लेकिन आज तक इस दिशा सुधार नहीं हो पाया।

स्टेशन पर जाना मुश्किल, 250 मीटर लंबी लाइन डाली जानी है

चौक से लेकर रेलवे स्टेशन तक करीब 250 मीटर लंबी सीवरेज लाइन बिछाने के लिए गहरे गड्ढे खोदे हुए हैं। दुकानों के सामने मिट्टी के ढेर लगे हैं। वाहन सहित तो दूर, यहां से पैदल निकलना भी मुश्किल है। रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है। थोड़ी सी बारिश होते ही यहां कीचड़ हो जाता है। मानसून सीजन शुरू होने वाला है। अधिक बारिश होने की स्थिति बड़ा हादसा होने की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता।

रेस्ट हाउस रोड से पुराने हाईवे पर पहुंचा मुश्किल

कैनाल रेस्ट हाउस रोड भी बदहाल स्थिति में है। यहां करीब दो वर्ष से 500 मीटर लंबी सीवरेज लाइन बिछाने का काम चल रहा है। गहरे गड्ढे खोदे हुए हैं। बारिश होने पर कई जगह से यह मार्ग धंस चुका है। गत वर्ष तो गड्ढे में एक बाइक सवार गिर गया था। जिसको काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। शादीपुर की ओर जाने के लिए भी यही रास्ता है। गत दिनों हुई बारिश के कारण एक बाइक सवार सीवरेज के मेनहाल में गिर गया। आसपास के लोगों ने उसको निकालकर अस्पताल तक पहुंचाया। लक्कड़ मंडियों का इसी रास्ते से ज्यादा आना जाना होता है।

औद्योगिक क्षेत्र में भी यही हाल

औद्योगिक क्षेत्र में सीवरेज लाइन बिछाने के लिए सड़कें खोदी हुई हैं। यहां बहुत ही धीमी गति से काम चल रहा है। लापरवाही इस कदर है कि जिस सड़क पर काम पूरा हो गया, वहां भी गड्ढों को मिट्टी से नहीं भरा गया है। कई जगह तो मेनहाल खुले पड़े हैं। फैक्ट्रियों व सब्जी मंडी में इन सड़कों से आवागमन होता है। स्ट्रीट लाइटें भी अधिकांश खराब रहती हैं। ऐसी स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है।

विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। हमारा प्रयास है कि बारिश के सीजन से पहले सभी काम पूरे हो जाएं।

धर्मवीर सिंह, कमिश्नर, नगर निगम।

chat bot
आपका साथी