व्यवस्था पर सवाल : नगर निगम से गायब हो गई विकास कार्यो की 31 फाइलें

नगर निगम में सब कुछ ठीक नहीं है। विकास कार्यो में प्रयोग होने वाली निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर तो सवाल उठ ही रहे हैं साथ ही अब विभिन्न विकास कार्यो से संबंधित फाइलें गुम होने का मामला भी सामने आया है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 14 Oct 2021 08:00 AM (IST) Updated:Thu, 14 Oct 2021 08:00 AM (IST)
व्यवस्था पर सवाल : नगर निगम से गायब हो गई विकास कार्यो की 31 फाइलें
व्यवस्था पर सवाल : नगर निगम से गायब हो गई विकास कार्यो की 31 फाइलें

संजीव कांबोज, यमुनानगर : नगर निगम में सब कुछ ठीक नहीं है। विकास कार्यो में प्रयोग होने वाली निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर तो सवाल उठ ही रहे हैं, साथ ही अब विभिन्न विकास कार्यो से संबंधित फाइलें गुम होने का मामला भी सामने आया है। इन फाइलों की संख्या 31 हैं। इनमें कुछ ऐसे हैं जिनका वर्क अलाट हो गया है। अधिकांश कार्य लंबित हैं। ये काम वार्ड आठ से 11 में होने वाले थे। इंजीनियरिग ब्रांच ने अब उच्चाधिकारियों से इन कार्यो के टेंडर रद कर बजट दूसरे कार्यों के लिए समायोजित करने की अनुमति मांगी है। इन फाइलों के गुम होने से व्यवस्था पर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। बता दें कि इससे पहले एमबी भी गुम होने के आरोप लग चुके हैं। उधर, इस संदर्भ में जब कमिश्नर अजय सिंह तोमर से बात करनी चाही तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया। एक्सइएन एलसी चौहान का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है।

अधिकांश काम वार्ड आठ के

जिन कार्यो की फाइलें गुम बताई जा रही हैं, उनमें से अधिकांश कार्य वार्ड आठ में होने थे। इस वार्ड से पार्षद विनोद मरवाह हैं। वार्ड वीआइपी है। विधायक व मेयर आवास भी इसी वार्ड में है। इस वार्ड से संबंधित 16 फाइलें अधिकारियों को नहीं मिल पाई। इन कार्याें में गलियों व नालियों का निर्माण, जवाहर रोज गार्डन, भगत सिंह पार्क, दीन दयाल उपाध्याय पार्क, शिव शक्ति बाल वाटिका पार्क व कमला नगर पार्क में ओपन जिम से संबंधित हैं। इसके अलावा कई सड़कों के चौड़ीकरण का काम भी शामिल है।

वार्ड नौ के भी कई काम

वार्ड नंबर नौ में भी अधिकांश काम गलियों व नालियों के सुधारीकरण से जुड़े हैं। महाराणा प्रताप चौक के पास नाले व सड़क की वाइडनिग से जुड़े कार्यों से संबंधित फाइलें भी गुम हैं। इसके अलावा वार्ड 10 व 11 में भी गलियां, नालियां, निकासी व पार्क से जुड़े ही काम हैं। वार्ड नौ से पार्षद भावना, वार्ड 10 से सुरेंद्र शर्मा व 11 से संकेत कुमार हैं। तीनों पार्षद भाजपा समर्थित हैं।

नौ साल से लंबित हैं कार्य

नौ साल से लंबित कार्यो को नगर निगम अधिकारी आज तक पूरा नहीं करवा पाए। चार काम ऐसे हैं जिनके टेंडर वर्ष-2012 में लगे थे। इसके अलावा वर्ष-2014, 2017, 2018, 2019, 2020 व 2021 में भी टेंडर लगे हैं। इतना समय बीत जाने के बावजूद ये कार्य लंबित हैं। अब इन कार्यो का फंड दूसरे कार्यो में प्रयोग करने के लिए दोबारा टेंडर लगाए जाने की तैयारी है।

पार्षद बोले-सीएम से करेंगे शिकायत

वार्ड आठ से पार्षद विनोद मरवाह का कहना है कि उसके वार्ड से संबंधित कुछ कार्यो की फाइलें गुम हैं। इन फाइलों के गुम होने से व्यवस्था पर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। आवश्यक दस्तावेज भी कर्मचारी व अधिकारी नहीं संभाल पा रहे हैं। कहीं न कहीं मंसा में खोट है। इस मामले की जांच गहनता से की जानी चाहिए। फाइलों के गुम होने की शिकायत सीएम मनोहर लाल व शहरी स्थानीय निकाय मंत्री अनिल विज से करेंगे।

chat bot
आपका साथी